यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 19, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पाकिस्तानी पत्रकार हामिद मीर पर जानलेवा हमला
पाकिस्तान के सबसे बड़े न्यूज चैनल जियो टीवी के एंकर हामिद मीर के ऊपर कराची में जानलेवा हमला हुआ है। ...और पढ़ें

पाकिस्तानी पत्रकार हामिद मीर पर जानलेवा हमला कराची। पाकिस्तान के सबसे बड़े न्यूज चैनल जियो टीवी के एंकर हामिद मीर के ऊपर कराची में जानलेवा हमला हुआ है। शनिवार शाम दफ्तर जाते समय बंदूकधारियों ने उनकी गाड़ी पर गोलीबारी की, जिसमें वह घायल हो गए। मीर को तुरंत ही अस्पताल ले जाया गया जहां ऑपरेशन के बाद उनके शरीर में धंसी तीनों गोलियों को निकाल दिया गया। अब मीर की हालत खतरे से बाहर है। बता दें कि मीर जियो टीवी पर चर्चित शो कैपिटल टॉक को होस्ट करते हैं।
पाकिस्तान के बेहतरीन एंकर और आतंकवाद एवं सुरक्षा मामलों के विशेषज्ञों में शुमार मीर काफी समय से तालिबान के निशाने पर थे। उनको कई बार जान से मारने की धमकियां मिल चुकी थीं। नवंबर, 2012 में भी मीर की गाड़ी के नीचे से इस्लामाबाद में विस्फोटक सामग्री मिली थीं, जिसे बम निरोधक दस्ते ने निष्क्रिय कर दिया था। इस हमले के लिए तालिबान को जिम्मेदार ठहराया गया था। पिछले महीने ही आतंकियों ने वरिष्ठ पत्रकार रजा रूमी पर हुए हमले में उनके ड्राइवर की मौत हो गई थी। इस हमले के बाद प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने देश के पत्रकारों को सुरक्षा का आश्वासन दिया था। मगर, इस हमले ने सुरक्षा-व्यवस्था की पोल खोल दी है।
कराची पुलिस के प्रमुख शाहिद हयात ने बताया कि उन्हें तीन गोलियां लगी थीं, जिन्हें ऑपरेशन करके निकाल दिया गया है। हयात के मुताबिक मीर की हालत खतरे से बाहर है। जियो टीवी ने बताया कि मीर के साथ हमले के समय सुरक्षाकर्मी भी थे। मीर ने हमले की जानकारी खुद फोन करके अपने दफ्तर को दी। कार चालक के मुताबिक जैसे ही हमारी कार फ्लाईओवर पर पहुंची पीछा कर रहे मोटरसाइकिल सवार हमलावरों में एक ने गोलियां दागनी शुरू कर दीं। फायरिंग के बाद मोटरसाइकिल सवार आंखों से ओझल हो गया।
चालक का दावा है कि एक कार और मोटरसाइकिल सवार उनका पीछा कर रहे थे। शाम साढ़े पांच बजे हुए इस हमले के बाद चालक कार सीधे अस्पताल ले गया। उस समय मीर बेहोशी की हालत में थे। जियो न्यूज इस्लामाबाद के ब्यूरो चीफ राणा जावेद ने बताया कि हमले के बाद हामिद ने उनसे बात की और बताया कि हमलावर उनका पीछा कर रहे थे।
राजनीतिक पार्टियों ने भी मीर पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के मुखिया इमरान खान ने ट्वीट किया कि मीर पर हुए हमले से धक्का पहुंचा है। पत्रकारों को निशाना बनाने वाले आतंकियों की मैं कड़ी निंदा करता हूं। सरकार को पत्रकारों को पूरी सुरक्षा मुहैया करानी चाहिए। पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के प्रमुख बिलावल भुट्टो ने ट्वीट किया, मैं दुआ करता हूं कि यह बहादुर शख्स जल्द ठीक हो जाए।
मीर ने आइएसआइ प्रमुख पर हत्या की साजिश का लगाया था आरोप :
समाचार चैनल जियो ने कहा है कि हामिद मीर ने सरकार के कुछ लोगों को लिखित रूप में सूचित कर दिया था कि अगर उन पर हमला हुआ तो पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आइएसआइ और उसके प्रमुख जनरल जहीर इसके लिए जिम्मेदार होंगे। हामिद के भाई आमिर मीर ने जियो न्यूज से बातचीत में कहा कि उनके भाई ने उन्हें बताया था कि आइएसआइ ने उनकी हत्या की साजिश रची है। आमिर के अनुसार हामिद ने एक संदेश रिकॉर्ड कराया था। इसमें उन्होंने आइएसआइ प्रमुख जहीर समेत कुछ कर्नल रैंक के अधिकारियों का नाम लिया है।