यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 10, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
नोबेल पुरस्कार समारोह में असम की चाय
इस साल के नोबेल पुरस्कार समारोह से असम का भी एक खास संबंध रहा। दरअसल, समारोह के भव्य भोज में ...और पढ़ें

स्टॉकहोम। इस साल के नोबेल पुरस्कार समारोह से असम का भी एक खास संबंध रहा। दरअसल, समारोह के भव्य भोज में परोसी जाने वाली खास चाय में असम के चाय की खुशबू भी शामिल थी।
नोबेल पुरस्कार के संस्थापक अल्फ्रेड नोबेल के सम्मान में तैयार नोबेल म्यूजियम टी ब्लेंड भी समारोह के भोज का हिस्सा बनाया गया। चाय का यह ब्लेंड (मिश्रण) असम की चाय व चीन की कीमुन चाय को मिलाकर बना है। नोबेल म्यूजियम ने इस खास चाय के बारे में कहा कि अल्फ्रेड नोबेल के सम्मान में हमने चाय का एक खास मिश्रण तैयार किया है।
यह मिश्रण चीन की कीमुन चाय पर आधारित है, जिसका उत्पादन अन्हुई प्रांत के कीमन क्षेत्र में होता है। असम की चाय के साथ मिश्रित कर बनाई गई इस चाय का रंग बहुत खूबसूरत व खुशबू बहुत प्यारी होती है। म्यूजियम ने कहा कि चाय में इटली की बेर्गामोट, स्वीडन की रसभरी की मिठास व संतरे का ताजा स्वाद डाला गया है। वस्तुत: यह एक वैश्विक मिश्रण है। चाय विशेषज्ञ वेरनोन मॉरिस के समन्वय से तैयार नोबेल म्यूजियम टी ब्लेंड को म्यूजियम में खास तौर पर बेचा भी जा रहा है।
नार्वे क्यों देता है नोबेल शांति पुरस्कारः
सन् 1901 से ही इसके संस्थापक अल्फ्रेड नोबेल की इच्छा के मुताबिक नार्वे की संसद स्टॉर्टिग द्वारा नियुक्त पांच लोगों की कमेटी नोबेल शांति पुरस्कार देती है। अल्फ्रेड नोबेल ने कभी इस रहस्य से पर्दा नहीं हटाया कि शांति पुरस्कार प्रदान करने का जिम्मा उन्होंने स्वीडिश संस्था को क्यों नहीं सौंपा। इस बारे में एक दलील है कि नोबेल ने नार्वे के देशभक्त व अग्रणी लेखक बोर्नस्तजेर्ने बोर्नसन के सम्मान में ऐसा किया। यह भी कहा जाता है कि अंतरराष्ट्रीय शांति आंदोलन के समर्थन में वोट करने वाली किसी देश की पहली संसद स्टॉर्टिग ही थी।
पुरस्कार से जुड़े रोचक तथ्यः
वर्ष 1901 से इस साल तक 567 बार दिए गए नोबेल पुरस्कार से 864 लोगों और 25 संगठनों को पुरस्कृत किया गया है। शांति पुरस्कार से सम्मानित पाकिस्तान की 17 वर्षीय मलाला यूसुफजई इस सूची में सबसे युवा चेहरा हैं। 2007 में अर्थशास्त्र के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार पाने वाले 90 वर्षीय लियोनिड हरविज पुरस्कार पाने वाले सबसे उम्रदराज व्यक्ति थे। अब तक 47 महिलाओं ने नोबेल पुरस्कार जीता है।
नोबेल पदक की विशेषताः
नोबेल पुरस्कार के रूप में मिलने वाला हर पदक बेहद बारीकी से 18 कैरेट के ग्रीन गोल्ड (सोने और चांदी की मिश्र धातु) से बना होता है जिस पर 24 कैरेट सोने का पानी चढ़ा होता है। प्रत्येक नोबेल पुरस्कार के लिए 80 लाख स्वीडिश क्रोनर की पुरस्कार राशि निर्धारित है।