यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 28, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सीरिया में तुर्की का कोहराम, हमले में 35 नागरिक मारे
इनमें ज्यादातर लोग जेब अल कुसा गांव के हैं। इसकी पुष्टि ब्रिटेन की एक निगरानी संस्था ने की है।

इस्तांबुल, एएफपी। सीरिया के सीमावर्ती इलाके में आतंकी संगठन आइएस और कुर्द विद्रोहियों के खिलाफ चल रही तुर्की की कार्रवाई में 35 नागरिक मारे गए हैं और 50 घायल हुए हैं। आतंकियों के भी मारे जाने की सूचना है। ये लोग लड़ाकू विमानों की बमबारी और टैंकों की गोलाबारी के शिकार हुए। इनमें ज्यादातर लोग जेब अल कुसा गांव के हैं। इसकी पुष्टि ब्रिटेन की एक निगरानी संस्था ने की है। तुर्की के समर्थन से निजी संगठनों के लड़ाकों के भी कुर्दो से लड़ने की सूचना है।
अन्य घटनाक्रम में तुर्की के दियारबाकिर शहर के एयरपोर्ट पर कुर्द आतंकियों ने शनिवार को रॉकेटों से हमला किया। हमले में एयरपोर्ट में मौजूद यात्री बाल-बाल बचे। चार रॉकेट परिसर में स्थित पुलिस चौकी के पास खाली स्थान पर गिरे। इस हमले में किसी के मरने या घायल होने की खबर नहीं है। हां, रॉकेट के तेज धमाकों से आसपास की इमारतों के कांच टूट गए। धमाकों की आवाज दूर तक सुनी गई।
हमले के लिए कुर्दिस्तान वर्कर्स पार्टी (पीकेके) को जिम्मेदार माना गया है। वह अलग राष्ट्र की मांग को लेकर तुर्की में तीन दशक से सशस्त्र कार्रवाई कर रहा है। धमाकों के बाद एयरपोर्ट की तरह आने वाली सड़कें बंद कर दी गईं और एयरपोर्ट को भी बंद करके उड़ानों को अन्य शहरों के लिए मोड़ दिया गया।
