विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 22, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

चीन के शिनजियांग में सिलसिलवार धमाके, 31 मरे

By Edited By:
Published: Thu, 22 May 2014 03:58 PM (IST)Updated: Thu, 22 May 2014 10:18 PM (IST)

चीन के अशांत शिनजियांग प्रांत की राजधानी उरुमकी के एक खुले बाजार में गुरुवार को सिलसिलेवार बम धमाके हुए, जिसमें 31 लोग मारे गए और कम से कम

News Article Hero Image

बीजिंग। चीन के अशांत शिनजियांग प्रांत की राजधानी उरुमकी के एक खुले बाजार में गुरुवार को सिलसिलेवार बम धमाके हुए, जिसमें 31 लोग मारे गए और कम से कम 90 अन्य घायल हुए हैं। राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने हमले को 'गंभीर हिंसक आतंकवादी' कृत्य करार देते हुए दोषियों को सख्त दंड देने का वादा किया है। भारत ने धमाकों की निंदा की और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में चीन को मदद का भरोसा दिलाया है। सिलसिलेवार धमाकों को कट्टरपंथी अलगाववादियों द्वारा हाल के वर्षो में किए गए सबसे खूनी आतंकी हमले के तौर पर माना जा रहा है। इस प्रांत में उइगर मुस्लिमों की बड़ी आबादी रहती है।

सरकारी समाचार एजेंसी ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया कि दो कारें सुबह करीब 7.50 बजे व्यस्त बाजार से गुजरीं और उनमें से विस्फोटक फेंके गए। इसके बाद एक के बाद एक हुए कई धमाकों में 31 लोग मारे गए। घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सोशल वेबसाइटों वीबो, एकिन और ट्विटर पर जारी की गई तस्वीरों में भारी क्षति दिखाई दे रही है। सड़कों पर लाशें और उरुमकी के ऊपर घना धुंआ दिखाई दे रहा है। एक प्रत्यक्षदर्शी ने दर्जनभर धमाकों की आवाजें सुनीं। धमाकों के बाद घटनास्थल पर आग की लपटें और धुंआ उठते हुए देखा गया। यह बाजार उरुमकी के निचले इलाके में रेनमिन पार्क के निकट है जहां पर ये विस्फोट हुए।

गुलाम कश्मीर [पीओके] और अफगानिस्तान की सीमा से लगे शिनजियांग में वर्षो से हिंसा जारी है। चीन के अधिकारियों को संदेह है कि धमाकों के पीछे अलकायदा से संबद्ध ईस्ट तुर्किस्तान इस्लामिक मूवमेंट [ईटीआइएम] का हाथ है। हाल में ही ईटीआइएम ने उरुमकी के रेलवे स्टेशन पर चाकुओं से हमला करने के बाद धमाका कर दिया था। उस दौरान राष्ट्रपति चिनफिंग इसी प्रांत की यात्रा पर थे।

पाक का वादा, ईटीआइएम की कमर तोड़ेगा

बीजिंग। चीन यात्रा पर गए पाकिस्तानी राष्ट्रपति ममनून हुसैन ने शंघाई में चीनी समकक्ष शी चिनफिंग के साथ मुलाकात कर उन्हें आश्वासन दिलाया कि पाकिस्तान ईटीआइएम के खिलाफ कार्रवाई करेगा। हुसैन ने इस आतंकी संगठन को दोनों देशों का दुश्मन करार दिया। रिपोर्टो के अनुसार, ईटीआइएम के सरगना पीओके में अपने सुरक्षित ठिकानों से चीन में आतंकी हमले करा रहे हैं। पाकिस्तानी राष्ट्रपति की चीन यात्रा के दौरान उरुमकी में हुए इस हमले ने इस्लामाबाद पर दबाव बना दिया है। हुसैन ने शी से कहा कि पाकिस्तान में चीनी नागरिकों और दोनों देशों के सहयोग से चल रहे प्रोजेक्टों को सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी।

पढ़ें: बोको हराम आतंकियों के शिकार बने तीन गांव, पचास से अधिक ग्रामीणों की हत्या

चीन में हमलावर ने आठ स्कूली बच्चों पर चलाए चाकू

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।