यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 19, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अमेरिका-ब्रिटेन ने कहा भारत को सौंपा जाए आतंकी लखवी
अमेरिका और ब्रिटेन ने 26/11 के मास्टरमाइंड और लश्कर आतंकी जकीउर रहमान लखवी को भारत को सौंपने को कहा है। ताकि इस आतंकी हमले की स्वतंत्र सुनवाई हो और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत किया जा सके।

इस्लामाबाद। अमेरिका और ब्रिटेन ने 26/11 के मास्टरमाइंड और लश्कर आतंकी जकीउर रहमान लखवी को भारत को सौंपने को कहा है। ताकि इस आतंकी हमले की स्वतंत्र सुनवाई हो और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत किया जा सके। इस बीच, पाकिस्तान सरकार ने लखवी की हिरासत अवधि और एक माह के लिए बढ़ा दी है।
इस्लामाबाद हाईकोर्ट ने सोमवार को लखवी की जमानत की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने सूचित किया कि दोनों देशों ने लखवी को भारत को सौंपने को कहा है। पर अभियोजन पक्ष के वकील ने इन देशों का नाम नहीं लिया। हालांकि पाकिस्तान के गृह मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार अमेरिका और ब्रिटेन ने नवाज शरीफ सरकार से लखवी को भारत के हवाले करने को कहा है।
अब पाकिस्तान ये कदम चाहे भारत से संबंध मजबूत करने के नाम पर उठाए या फिर मुंबई हमले में उसके खिलाफ स्वतंत्र सुनवाई के नाम पर सौंपे। हालांकि इस पर कोर्ट ने कहा कि लखवी को किसी और देश को सौंपने का मुद्दा राजनयिक है और अदालत इसमें कुछ नहीं कर सकती है।
उल्लेखनीय है दिसंबर में इस्लामाबाद की आतंक रोधी कोर्ट ने 26/11 मामले में लखवी को साक्ष्यों की कमी का हवाला देते हुए जमानत दे दी थी। भारत के कड़े विरोध के बाद पाकिस्तान सरकार ने उसे सार्वजनिक सुरक्षा कानून यानी मेन्टेनेंस ऑफ पब्लिक ऑडर (एमपीओ) के तहत जेल से छूटते ही हिरासत में लिया था। मुंबई हमले में 166 लोग मारे गए थे।
लखवी ने खुद को हिरासत में लिए जाने को गैर कानूनी बताते हुए हाई कोर्ट में चुनौती दी है। सोमवार को लाहौर हाई कोर्ट ने उसकी याचिका पर सुनवाई करते हुए मामला 26 जनवरी तक के लिए स्थगित कर दिया। सुनवाई के दौरान लखवी के वकील राजा रिजवान ने अपने मुवक्किल की हिरासत अवधि बढ़ाने का यह कहते हुए विरोध किया कि यह मामला अभी अदालत में लंबित है। ऐसे में पाकिस्तान सरकार को उसकी हिरासत अवधि बढ़ाने से पहले कोर्ट से इजाजत लेनी चाहिए।