यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 05, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
इतिहास रचने के करीब मरे, क्या नडाल होने देंगे मुमकिन?
शुक्रवार को फ्रेंच ओपेन में ग्रेट ब्रिटेन के स्टार खिलाड़ी एंडी मरे सेमीफाइनल मुकाबला खेलने उतरेंगे। उनका लक्ष्य होगा किसी ...और पढ़ें

पेरिस। शुक्रवार को फ्रेंच ओपेन में ग्रेट ब्रिटेन के स्टार खिलाड़ी एंडी मरे सेमीफाइनल मुकाबला खेलने उतरेंगे। उनका लक्ष्य होगा किसी भी तरह फाइनल में जगह बनाना क्योंकि अगर वो ऐसा करने में सफल रहे तो वह 77 सालों में पहले ऐसे ब्रिटिश खिलाड़ी होंगे जो फ्रेंच ओपेन फाइनल में पहुंचेगा, लेकिन क्या मरे ये इतिहास रच पाएंगे? सभी की जुबां पर ये सवाल इसलिए है क्योंकि सेमीफाइनल में उनके सामने होंगे रिकॉर्ड आठ बार के फ्रेंच ओपेन चैंपियन स्पेन के राफेल नडाल।
बनी ऑस्टिन 1937 में फ्रेंच ओपेन फाइनल में पहुंचने वाले आखिरी ब्रिटिश टेनिस खिलाड़ी बने थे जबकि फ्रेड पेरी उससे ठीक दो साल पहले इस खिताब को जीतने वाले पहले ब्रिटिश बन चुके थे, हालांकि एंडी मरे इस समय गजब के फॉर्म में हैं और इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज कराने की उनकी धीरे-धीरे आदत में शुमार होता जा रहा है। पिछले साल विंबलडन का सिंगल्स खिताब जीतकर उन्होंने ब्रिटिश फैंस का 77 सालों का इंतजार खत्म किया था। आपको बता दें कि 2011 में फ्रेंच ओपेन के सेमीफाइनल में नडाल ने ही मरे का रास्ता रोका था। उस दौरान मरे एक भी सेट नहीं जीत सके थे। दोनों खिलाड़ियों के बीच अब तक करियर में 19 मुकाबले हो चुके हैं जिसमें मरे सिर्फ 5 मैच ही जीतने में सफल रहे, वहीं, इस दौरान लाल बजरी (फ्रेंच ओपेन) पर होने वाले पांचों मैचों में नडाल ने मरे को पस्त किया।
नडाल पेरिस में अब तक रिकॉर्ड आठ खिताब जीत चुके हैं और वह अब तक यहां बस एक मैच हारते हुए 64 मैच जीतने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर चुके हैं, वहीं, अब ये स्पेनिश दिग्गज टेनिस स्टार लगातार पांच फ्रेंच ओपेन खिताब अपने नाम करने की जद्दोजहद में जुटा है। दूसरी तरफ मरे फॉर्म में नजर आ रहे हैं और उन्हें लगता है कि इस बार वो नडाल को कड़ी चुनौती दे सकते हैं। ऐसे में अब सभी की नजरें इस हाई प्रोफाइल सेमीफाइनल पर टिक गई हैं जहां ब्रिटिश फैंस और स्पेनिश टेनिस फैंस अलग-अलग ख्वाइशें लिए इस मुकाबले का मजा लेंगे।
