यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 01, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
भारत में स्थिर सरकार के बाद अर्थव्यवस्था में तेजी: पीएम मोदी
मोदी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जब सुधार होता और जनभागीदारी होती है तब परिवर्तन होता है।

नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। चार देशों की यात्रा पर रूस पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सेंट पीटर्सबर्ग अंतरराष्ट्रीय इकॉनोमिक फोरम के पूर्ण अधिवेशन को संबोधित किया। मोदी ने यहां कहा कि भारत और रूस के संबंधों की गहराई लगातार बढ़ी है। भारत अब तेज गति से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था है। मोदी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जब सुधार होता और जनभागीदारी होती है तब परिवर्तन होता है। मैं आज विश्वास से कह सकता हूं कि पिछले 70 साल के भारत-रूस संबंध, उपयोगितावाद पर कम और विश्वास पर ज्यादा रहे हैं।तकनीक का इस्तेमाल करते हुए हमने बायोमीट्रिक आइडेंटिटी पर काम किया है। आने वाला युग तकनीक का होगा, हम डिजिटल इंडिया का आंदोलन लेकर चल रहे हैं।
इससे पहले गुरुवार को सेंट पीट्सबर्ग में पीएम नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन के बीच एकांत में हुई मुलाकात और उसके बाद दोनों की अगुवाई में हुई द्विपक्षीय बातचीत के बाद रिश्तों में घुल रहे तनाव को काफी हद तक खत्म कर दिया है। दोनों देशों के बीच सैन्य व ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग के नए आयाम जुड़े हैं तो पाकिस्तान व रूस की बढ़ रही दोस्ती को लेकर भारत की चिंताओं को भी पुतिन ने खारिज किया है।
पहले राष्ट्रपति पुतिन ने यह कहा है कि पाकिस्तान के साथ उनके देश के सैन्य सहयोग बेहद मामूली हैं और उसके बाद देर शाम जब दोनों देशों की तरफ से इस बात का ऐलान किया गया कि उनके बीच अभी तक का सबसे बड़ा सैन्य अभ्यास इसी साल किया जाएगा। भारत व रूस के सेनाओं के तीनों अंगों के बीच एक बड़ा सैन्य अभ्यास इंद्रा-2017 के नाम से किया जाएगा। पिछले वर्ष भारत की चिंताओं को दरकिनार कर रूस ने पहली बार पाकिस्तान के साथ सैन्य अभ्यास किया था। रूस ने आश्वासन दिया है कि वह भारत को अत्याधुनिक हथियारों की आपूर्ति करता रहेगा और भारत के साथ सैन्य सहयोग को ज्यादा से ज्यादा बढ़ाने का वादा रूस ने किया है। मालूम हो कि भारत अपनी सैन्य जरुरतों का अभी भी 70 फीसद रूस से लेता है।
भारत और रूस के बीच पांच समझौतों पर हस्ताक्षर किये गये हैं। इसमें कुदानकुलम में रूस के सहयोग से लग रहे परमाणु ऊर्जा प्लांट में पांचवा व छठा रिएक्टर लगाने का समझौता भी शामिल है। इससे एक हजार मेगावाट अतिरिक्त बिजली का उत्पादन संभव होगा। साथ ही यह भी कहा गया है कि आण्विक ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग को और विस्तार दिया जाएगा। दोनों देश दूसरे जगहों पर भी परमाणु ऊर्जा संयंत्र लगाने की संभावना तलाश रहे हैं। बाद में प्रेस कांफ्रेंस में मोदी ने कहा भी कि यह समझौता हमारे द्विपक्षीय रिश्तों को और मजबूती देगा।
मोदी व पुतिन के बीच यह सहमति बनी है कि आपसी रिश्तों को मजबूत करने के लिए वर्ष 2014 में जो कार्ययोजना बनी थी उसे वे शीघ्रता से अमली जामा पहनाने की कोशिश करेंगे। साथ ही रूस ने भारत को उड्डयन क्षेत्र की एक महाशक्ति बनाने में भी हरसंभव मदद करने का समझौता किया है। दोनो देशों के बीच पहले ही रूस की कंपनी की तरफ से भारत में हेलीकॉप्टर निर्माण का समझौता हो चुका है। रूस की कंपनी के साथ भारत अब अन्य जहाज बनाने की संभावना तलाशेगा।
मोदी और पुतिन के बीच यह सहमति भी बनी है कि भारत रूस की अगुवाई वाले यूरेनिशयन इकोनोमिक संघ के साथ मुक्त व्यापार समझौते पर बातचीत को गंभीरता से आगे बढ़ाया जाएगा। इस संघ ने हाल ही में विएतनाम के साथ समझौता किया है और अब माना जा रहा है कि दूसरा समझौता भारत के साथ होगा। इससे रूस व उसके पड़ोसी देशों के साथ भारत का द्विपक्षीय कारोबार तेजी से बढ़ सकत है जो अभी काफी कम है।