यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 01, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
BSF का करारा जवाब, 14 पाकिस्तानी पोस्ट किए तबाह; मार गिराए दो रेंजर्स
आर्मी सूत्रों के मुताबिक राजौरी जिले में एलओसी पर सेना ने दो पाकिस्तानी रेंजर्स को मार गिराया है।

जागरण न्यूज नेटवर्क, जम्मू। भारतीय सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने जम्मू के रामगढ़ और अरनिया सेक्टरों में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान पर जमकर जवाबी कार्रवाई की है। पाकिस्तान के हमले का मुंहतोड़ जवाब देते हुए बीएसएफ ने पाकिस्तानी रेंजरों की 14 चौकियां तबाह कर दी हैं।
इस दौरान दो पाकिस्तानी सैनिकों समेत 10 पाकिस्तानी मारे गए और करीब एक दर्जन से अधिक घायल हैं। इससे पहले, पाकिस्तान की भीषण गोलाबारी में जम्मू में चार महिलाओं और दो बच्चों समेत आठ भारतीय मारे गए। पाकिस्तान की इस नापाक हरकत से सीमावर्ती क्षेत्रों में दहशत है। सीमा से सटे लगभग सभी गांव खाली हो गए और हजारों लोगों ने राहत शिविरों में शरण ली है। सीमा से लगे 400 स्कूलों को भी बंद कराया गया है।
बीएसएफ का मुंहतोड़ जवाब, पाक की 14 चौकियां तबाह, देखें तस्वीरें
मंगलवार को जम्मू-कश्मीर की सीमा पर गोलाबारी बढ़ते देख केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने हालात की समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय बैठक बुलाई। इसमें रक्षा मंत्री मनोहर पर्रीकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल, सेना प्रमुख दलबीर सिंह सुहाग और कई वरिष्ठ अफसर थे। सीमा पर युद्ध जैसे हालात में हुई गोलाबारी में पाकिस्तान का भी जानमाल का नुकसान हुआ। सीमा सुरक्षा बल ने रामगढ़ के पार पाकिस्तान रेंजर्स की 14 चौकियों को भारी नुकसान पहुंचाया।
बीएसएफ ने जम्मू में अरनिया के सामने पाकिस्तान के चरवा सेक्टर में आठ लोगों व नियंत्रण रेखा के पार दो पाक सैनिकों को मार गिराया। दूसरी ओर, जम्मू में पाकिस्तान ने करीब डेढ़ दर्जन सीमांत चौकियों व रिहायशी इलाकों में कहर बरपाया। पाकिस्तानी रेंजरों ने 82 और 120 एमएम के मोर्टारों से अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर जम्मू-कश्मीर के सांबा, जम्मू, पुंछ और राजौरी सेक्टरों में जमकर गोलाबारी की।
तस्वीरें: पाक ने किया संघर्ष विराम का उल्लंघन, सांबा में एक लड़की की मौत
इस गोलाबारी से सांबा जिले के रामगढ़ में दो बच्चों और दो महिलाओं समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए। वहीं, पुंछ के बालाकोट में भारी गोलाबारी में दो महिलाओं की मौत हो गई व सात घायल हुए। मंगलवार सुबह दिन चढ़ते ही पाकिस्तान ने सांबा के रामगढ़ व जम्मू के अरनिया में मोर्टार गोले दागना शुरू कर दिया।
दूसरी ओर पुंछ के बालाकोट सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सेना की गोलाबारी में दो महिलाओं की मौत हो गई। यहां सात लोग घायल हैं।पाकिस्तान ने दीवाली की रात 11 बजे तक जम्मू में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर गोलाबारी के बाद 30 घंटे बंदूकें शांत रखीं।
लेकिन मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे सीमांत क्षेत्रों में भारी गोलाबारी शुरू कर दी। रामगढ़ के जेरहड़ा व रंगूर कैंप में रिहायशी इलाकों में गोले गिरने से कोहराम मच गया। 15 लोग गोलों का निशाना बने। इनमें से छह की मौत हो गई। वहीं, जम्मू के बिश्नाह के अरनिया में सुबह पाकिस्तान के गोले गिरने से चार लोग घायल हुए। रामगढ़ में घायल नौ लोगों में महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं।
भारतीय उप उच्चायुक्त तलबनई
भारत ने पाकिस्तान के समक्ष सीमा पार से बिना उकसावे फायरिंग शुरू करने और आतंकियों की घुसपैठ कराने की कोशिशों का कड़ा विरोध दर्ज किया है। वहीं, पाकिस्तान ने एक हफ्ते में चौथी बार भारतीय उप उच्चायुक्त को तलब कर संघर्षविराम के उल्लंघन का आरोप लगाया है।
विदेश मंत्रालय के एक बयान के अनुसार इस्लामाबाद में महानिदेशक (दक्षिण एशिया व सार्क) मोहम्मद फैजल ने मंगलवार को भारतीय उप उच्चायुक्त जेपी सिंह को तलब किया।
उन पर 31 अक्टूबर को भारतीय सेना की ओर से नियंत्रण रेखा के निकियाल और जंडरोट सेक्टरों में एकतरफा गोलाबारी करने का आरोप लगाया है। बयान में कहा गया कि फायरिंग में एक महिला समेत छह पाकिस्तानी मारे गए। जबकि आठ अन्य घायल हुए।
