यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 21, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
तोगडि़या ने पीडीपी से गठबंधन पर भाजपा को घेरा
केंद्र सरकार के कामकाज पर किसी तरह की टिप्पणी से बच रहे विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने अब जम्मू कश्मीर ...और पढ़ें

नई दिल्ली। केंद्र सरकार के कामकाज पर किसी तरह की टिप्पणी से बच रहे विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने अब जम्मू कश्मीर में भाजपा-पीडीपी गठबंधन को निशाना बनाया है। विहिप प्रमुख प्रवीण तोगडि़या ने शनिवार को कहा कि राज्य में राष्ट्रीय सुरक्षा के एजेंडे से समझौता किया जा रहा है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद को तो जिम्मेदार ठहराया ही, गठबंधन को भी कठघरे में खड़ा करने से नहीं चूके।
जम्मू-कश्मीर में भाजपा और पीडीपी गठबंधन की सरकार के बारे में पूछे गए सवाल पर तोगडि़या ने जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने कहा, 'वहां मसर्रत आलम को छोड़ा जा रहा है। लगातार आतंकी हमले हो रहे हैं। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री ने अपने क्रिया कलापों से राष्ट्रीय हितों के साथ समझौता किया है।' इसी तरह उन्होंने इस गठबंधन के लिए भाजपा को भी कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि राष्ट्रीय हितों और राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाना चाहिए। हालांकि केंद्र सरकार के कामकाज को ले कर पूछे गए सवालों को वे यह कह कर टाल गए कि सरकार के काम के आकलन का उन्हें समय नहीं मिल पाया है।
यह हिंदुओं को जगाने का समय: प्रवीण तोगडि़या
कश्मीर मुद्दे पर पीडीपी से अलग हो सकती है भाजपा: अमित शाह
तोगडि़या ने विहिप की ओर से देश भर में जाति प्रथा विरोधी अभियान शुरू करने का एलान भी किया। उन्होंने कहा कि इसके लिए वे सौ से ज्यादा जातियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर अभियान चलाने वाले हैं। जगह-जगह ऐसे कार्यक्रम आयोजित होंगे जिसमें हिंदुओं की विभिन्न जातियों के लोग एक-दूसरे के साथ सामूहिक भोजन करेंगे। इसी तरह मंदिरों में दलितों के प्रवेश पर रोक के खिलाफ भी अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वेदों में जाति प्रथा का कहीं उल्लेख नहीं मिलता, इसलिए इसको जारी रखने के लिए धर्म का सहारा लिया जाना गलत है।
--------------------
