यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 17, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पानसरे पर हमले को लेकर शिवसेना ने भाजपा पर साधा निशाना
सेना के मुखपत्र सामना में छपे लेख में कहा गया है कि जब (अंधविश्वास के खिलाफ मुहिम चलाने वाले) नरेंद्र ...और पढ़ें

मुंबई। शिवसेना ने कम्युनिस्ट नेता गोविंद पानसरे के उपर कोल्हापुर में हुए जानलेवा हमले को लेकर प्रदेश की भाजपानीत सरकार की खिंचाई की है। सेना ने कहा कि महाराष्ट्र में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है जिसके लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। पानसरे पर सुबह के वक्त गोली चलाई गई जब वे मार्निंग वॉक पर निकले थे।
सेना के मुखपत्र सामना में छपे लेख में कहा गया है कि जब (अंधविश्वास के खिलाफ मुहिम चलाने वाले) नरेंद्र दाभोलकर की हत्या हुई थी, उस वक्त महाराष्ट्र में कांग्रेस की सरकार थी। लेकिन अब भाजपा सरकार में दिनदहाड़े हुए इस हमले की जिम्मेदारी कौन लेगा।
सेना ने पूछा है कि जब सरकार हमारी है (शिवसेना भी महाराष्ट्र में भाजपानीत सरकार की सहयोगी है) तो हम यह भी नहीं कह सकते कि कानून और व्यवस्था की स्थिति जर्जर है और अभियुक्त छुट्टा घुम रहे हैं। अगर यह किसी दूसरे दल की सरकार होती तो हम उनके खिलाफ इन्हीं शब्दों का इस्तेमाल करते।
गौरतलब है कि पानसरे हिन्दुत्व के विरोधी थे और शिवाजी महाराज पर लिखी उनकी किताब पर काफी बबाल हुआ था। कोल्हापुर में नाथूराम गोडसे के बारे में दिए गए उनके भाषण से भी काफी लोग नाखुश थे। हालांकि समाज सेवा के क्षेत्र में उनका योगदान उल्लेखनीय है।
