विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 26, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

3 साल पहले राहुल को पप्पू कहा जाता था, अब नेतृत्व करने में सक्षम: शिवसेना

By Gunateet OjhaEdited By:
Published: Thu, 26 Oct 2017 10:38 PM (IST)Updated: Fri, 27 Oct 2017 02:57 PM (IST)

राउत ने कहा कि जीएसटी लागू करने के खिलाफ गुजरात के लोगों में रोष इस बात का संकेत है कि भाजपा को चुनाव में कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा।

3 साल पहले राहुल को पप्पू कहा जाता था, अब नेतृत्व करने में सक्षम: शिवसेना
3 साल पहले राहुल को पप्पू कहा जाता था, अब नेतृत्व करने में सक्षम: शिवसेना

मुंबई, प्रेट्र : शिवसेना सांसद संजय राउत ने गुरुवार को कहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी देश का नेतृत्व करने में सक्षम हैं। 3 साल पहले राहुल गांधी को पप्पू कहा जाता था पर अब हालात वैसे नहीं हैं। कांग्रेस को राहुल में एक नेता मिला है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी की लहर फीकी पड़ गई है।

राउत ने कहा कि जीएसटी लागू करने के खिलाफ गुजरात के लोगों में रोष इस बात का संकेत है कि भाजपा को चुनाव में कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा। शिवसेना सांसद ने एक टीवी चैनल पर चर्चा में यह बात कही।

उन्होंने सोशल मीडिया के एक धड़े द्वारा कांग्रेस उपाध्यक्ष की खिल्ली उड़ाने पर कहा कि राहुल गांधी देश का नेतृत्व करने में सक्षम हैं। उन्हें 'पप्पू' कहना गलत है। कार्यक्रम में राज्य के शिक्षा मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता विनोद तावड़े भी मौजूद थे।

राउत ने संभवत: भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि देश में सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति मतदाता हैं। वे किसी को भी पप्पू बना सकते हैं। गुजरात चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के एक दिन बाद राउत की यह टिप्पणी आई है। गौरतलब है कि साल 2015 में शिवसेना ने कहा था कि 100 राहुल गांधी भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महालहर की बराबरी नहीं कर सकते।

राजग के पुराने घटक दलों में शामिल शिवसेना का भाजपा के साथ केंद्र और महाराष्ट्र में संबंध उतार-चढ़ाव वाला रहा है। उद्धव ठाकरे नीत पार्टी ने प्रधानमंत्री मोदी पर नियमित रूप से प्रहार किया है और अक्सर ही अपने मुखपत्र 'सामना' में संपादकीय के जरिये भाजपा को आड़े हाथों लिया है। शिवसेना का मोदी के गृह राज्य गुजरात में कोई आधार नहीं है। पार्टी ने पाटीदार नेता हार्दिक पटेल को अपना समर्थन दिया है। पटेल ने उद्धव ठाकरे से इस साल की शुरुआत में मुंबई स्थित उनके आवास पर मुलाकात की थी।

यह भी पढेंः गुजरात में हिंदुत्व और कानून व्यवस्था का अंडरकरंट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।