महाराष्ट्र में होगा सपा-कांग्रेस गठबंधन, अबू आजमी अधिकृत
उत्तर प्रदेश से बाहर भी अपना जनाधार बढ़ाने को समाजवादी पार्टी सक्रिय हो रही है। इस क्रम में अब सपा गठबंधन की राह पर चलेगी। महाराष्ट्र में कांग्रेस के साथ समझौते से इसकी शुरुआत होगी। सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. राम गोपाल यादव ने इसकी तस्दीक करते हुए कहा महाराष्ट्र में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अबू आसिम को समझौते के लिए अधि
लखनऊ। उत्तर प्रदेश से बाहर भी अपना जनाधार बढ़ाने को समाजवादी पार्टी सक्रिय हो रही है। इस क्रम में अब सपा गठबंधन की राह पर चलेगी। महाराष्ट्र में कांग्रेस के साथ समझौते से इसकी शुरुआत होगी।
सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. राम गोपाल यादव ने इसकी तस्दीक करते हुए कहा महाराष्ट्र में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अबू आसिम को समझौते के लिए अधिकृत कर दिया गया है। समाजवादी चिंतक डॉ.राम मनोहर लोहिया के नाम पर बने ट्रस्ट की बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे प्रो. यादव ने संकेत दिया कि महाराष्ट्र में सपा आठ से दस सीटों पर दावा कर सकती है। सपा महासचिव ने आरोप लगाया कि एनडीए सरकार जनविरोधी योजनाओं और कार्यक्रमों को लागू कर रही है। नरेंद्र मोदी सरकार केंद्र सरकार महंगाई, बेरोजगारी, भुखमरी, भ्रष्टाचार को रोकने में नाकाम रही है। राज्य कोटे का कोयला और बिजली दोनों नहीं दिया जा रहा है जिससे प्रदेश में बिजली संकट है। इन सभी मामलों पर जल्द सपा का एक प्रतिनिधिमंडल केंद्र सरकार से मिलेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिका यात्रा को 'सामान्य यात्रा' बताते हुए प्रो. यादव ने कहा कि भाजपा इस दौरे बढ़ा-चढ़ाकर प्रचारित करा रही है। सच्चाई यह है कि प्रधानमंत्री संयुक्त राष्ट्र संघ की सालाना बैठक में कई अन्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों की तरह बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे हैं। अगर ओबामा ने मोदी को वार्ता के लिए आमंत्रित किया होता, तब समझा जाता कि भारत को तवज्जो मिली है। चीन की घुसपैठ पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के तेवर सख्त होते तो यह दुस्साहस नहीं होता। भाजपा सरकार की कमजोरी के चलते देश को शर्मिंदा होना पड़ा।
आर्थिक, राजनैतिक मुद्दों पर होगी चर्चा
लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क में आठ से होने वाले पार्टी के तीन दिनी राष्ट्रीय सम्मेलन के बाबत रामगोपाल यादव ने कहा कि इसमें राजनैतिक, आर्थिक प्रस्ताव होंगे। देश-दुनिया के तमाम मुद्दों पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि आतंकवाद व नक्सलवाद इस समय देश के सामने गंभीर समस्या है।
लोहिया के विचारों का होगा प्रचार-प्रसार
लोहिया ट्रस्ट में सालाना बैठक के दौरान डॉ. राम मनोहर लोहिया के विचारों को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई। उनके साहित्य के प्रचार-प्रसार पर बल दिया गया। साथ ही राम मनोहर लोहिया के विचारों को गांव-गांव तक पहुंचाने की बात कही गई। बैठक में सपा प्रमुख मुलायम सिंह, सीएम अखिलेश यादव और भगवती सिंह समेत ट्रस्ट के सभी सदस्य और पदाधिकारी मौजूद थे।