यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 08, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
यादव सिंह तो पप्पू, इसके पापा को ढूंढो: अमर सिंह
पूर्व समाजवादी नेता अमर सिंह ने सोमवार को कहा कि नोएडा प्राधिकरण का पूर्व चीफ इंजीनियर यादव सिंह तो पप्पू ...और पढ़ें

जयपुर, नई दुनिया ब्यूरो। पूर्व समाजवादी नेता अमर सिंह ने सोमवार को कहा कि नोएडा प्राधिकरण का पूर्व चीफ इंजीनियर यादव सिंह तो पप्पू है। उसके कई पापा हैं। उन्हें ढूंढने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह ने अपरिपक्व हाथों में उत्तर प्रदेश की सत्ता सौंप कर अपने जीवन की सबसे बड़ी राजनीतिक भूल की है।
एक निजी समारोह में जयपुर आए अमर सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यादव सिंह तो बहुत छोटी कड़ी है। इसके कारनामों की जानकारी सबको थी, लेकिन कुछ नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अशोक चतुर्वेदी नाम का एक व्यक्ति बहुत प्रभावशाली है। उसके पीछे पडऩे की जरूरत है। वहां हुई हर डील में उनका नाम है। चतुर्वेदी के पास जहाजों का बेड़ा है। इस बारे में उन्होंने काले धन की जांच कर रही एसआइटी को दस्तावेज भी सौंपे हैं। अमर सिंह ने इस बात को पूरी तरह गलत बताया कि वे राज्यसभा में जाने के लिए समाजवादी पार्टी के साथ लॉबिंग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी अब तक मुलायम और अखिलेश से जो भी मुलाकात हुई है, उसमें उन्होंने उत्तर प्रदेश में हो रहे भ्रष्टाचार की ही जानकारी दी है।