यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 29, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
..जब फावड़े से हत्या करने के बाद मंदिर में जाकर रवि करने लगा जप
वाराणसी। मानसिक रूप से बीमार चल रहे तीस वर्षीय युवक रवि बिंद ने गुरुवार सुबह भेलूपुर थाना क्षेत्र के लखरांव स्थित कारखाने में काम कर रहे पैंतालिस वर्षीय नसीर उर्फ बाबू खां की फावड़े व हथौड़ी से सिर कूंचकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी रक्त से सना फावड़ा लेकर समीप के मंदिर पहुंच भगवान का जप करने लगा। क्षेत्रीय लोगों की

वाराणसी। मानसिक रूप से बीमार चल रहे तीस वर्षीय युवक रवि बिंद ने गुरुवार सुबह भेलूपुर थाना क्षेत्र के लखरांव स्थित कारखाने में काम कर रहे पैंतालिस वर्षीय नसीर उर्फ बाबू खां की फावड़े व हथौड़ी से सिर कूंचकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी रक्त से सना फावड़ा लेकर समीप के मंदिर पहुंच भगवान का जप करने लगा। क्षेत्रीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने रवि बिंद को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार लल्लापुरा निवासी नसीर खां लखरांव में पन्नालाल के चलनी कारखाना में काम करते थे। रवि बिंद भी उसी कारखाने में काम करता था लेकिन उसकी मानसिक स्थिति देखते हुए मालिक ने एक माह पूर्व उसे निकाल दिया था। नसीर उर्फ बाबू खां रोज की भांति सुबह साइकिल से कारखाने में काम करने पहुंचे थे। सुबह साढ़े आठ बजे अचानक रवि कारखाने में पहुंचा और वहां रखे लोहे के औजार लेकर इधर-उधर करने लगा। रवि की हरकत देखकर नसीर ने उसे कारखाने से बाहर जाने को कहा। दोनों में कहासुनी हो गई। इस बीच रवि ने पास रखे फावड़े और हथौड़े से नसीर पर प्रहार कर दिया। नसीर के जमीन पर गिरते ही रवि ने ताबड़तोड़ उनके सिर पर फावड़े व हथौड़े से कई वार किए। मौके पर ही नसीर ने दम तोड़ दिया। हत्या करने के बाद रवि चहारदीवारी फांदकर भागा और खून से सना फावड़ा लेकर समीप के शिव मंदिर में पहुंच गया। मंदिर में अबीर व सिंदूर लगाकर रवि ने हनुमान का वेश धारण करने की कोशिश की और भगवान का जाप करने लगा। दर्शन करने पहुंचे क्षेत्रीय लोगों ने रक्तरंजित फावड़ा देखकर उससे पूछना चाहा तो उसने फावड़ा उन लोगों पर तान दिया। कुछ लोगों ने उसे मंदिर के अंदर ढकेल दिया और बाहर से ताला लगाकर पुलिस को सूचना दी। क्षेत्र के लोग पहले से रवि को जानते थे कि वह कारखाने में काम करता है इसलिए कुछ लोग वहां पहुंचे तो नसीर का शव देखकर माजरा समझ गए।
उधर, पुलिस भी मंदिर पहुंच गई। ताला खोलकर जैसे ही पुलिस ने उसे बाहर निकालना चाहा, उसने फिर फावड़ा तान दिया। रवि का विकराल रूप देखकर पुलिस वाले भी एकबारगी सहम गए लेकिन किसी तरह उसे काबू में किया और गिरफ्तार कर थाने ले गए। मृतक के बेटे मेहताब ने रवि के खिलाफ हत्या के बाबत भेलूपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।