यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 06, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
भारत और फ्रांस के दल तैयार करेंगे राफेल सौदे का ब्योरा
भारत और फ्रांस की सरकारें दोनों देशों के बीच हुए राफेल सौदे को तय सीमा के अंदर अंजाम देने के लिए कमर कस रही हैं। इस दिशा में दोनों देशों ने बुधवार को 36 राफेल जंगी जेट खरीद का ब्योरा तैयार करने के लिए टीमें गठित करने का फैसला किया।

नई दिल्ली। भारत और फ्रांस की सरकारें दोनों देशों के बीच हुए राफेल सौदे को तय सीमा के अंदर अंजाम देने के लिए कमर कस रही हैं। इस दिशा में दोनों देशों ने बुधवार को 36 राफेल जंगी जेट खरीद का ब्योरा तैयार करने के लिए टीमें गठित करने का फैसला किया।
भारत दौरे पर आए फ्रांस के रक्षा मंत्री ज्यां यवेस ली ड्रायन और भारत के रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर की मुलाकात के बाद यह फैसला लिया गया। पिछले महीने अपनी फ्रांस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोनों सरकारों के बीच करार के तहत फ्रांस से राफेल लड़ाकू विमान खरीदने की घोषणा की थी। उसी दिशा में आगे की रूपरेखा तय करने के लिए फ्रांस के रक्षा मंत्री और पर्रिकर की मुलाकात हुई। रक्षा मंत्रालय के बयान में कहा गया कि दोनों ने इस विषय पर अंतर-सरकारी समझौते को शीघ्र पूरा करने के तौर तरीकों पर चर्चा की। दोनों पक्षों ने निश्चित समय सीमा के अंदर ब्योरा तैयार करने के लिए टीमें गठित करने का निर्णय लिया।