विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 28, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

नवाज शरीफ के 'दिल' के लिए नरेंद्र मोदी ने मांगी दुआ

By Rajesh KumarEdited By:
Published: Sat, 28 May 2016 02:12 AM (IST)Updated: Sat, 28 May 2016 11:23 AM (IST)

पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की लंदन में ओपन हार्ट सर्जरी होगी। पीएम मोदी ने उन्हें ऑपरेशन और स्वस्थ सेहत के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

News Article Hero Image

नई दिल्ली, (पीटीआई)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान के पीएम नवाज शरीफ के ओपन हार्ट सर्जरी के लिए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। मोदी ने ट्वीट कर नवाज शरीफ की अच्छी सेहत के लिए शुभकामनाएं दी।

उन्होंने ट्वीट किया, 'प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की मंगलवार को होने वाली ओपन हार्ट सर्जरी की सफलता और ऑपरेशन के बाद उनके जल्दी स्वस्थ होने एवं अच्छी सेहत के लिए मेरी शुभकामनाएं।'

मंगलवार को होगी सर्जरी

मेडिकल चेकअप के लिए लंदन गए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की ओपन हार्ट सर्जरी मंगलवार को होगी। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि 66 वर्षीय शरीफ को डॉक्टरों ने ओपन हार्ट सर्जरी की सलाह दी है। लिहाजा इसके बाद भी वह अस्पताल में एक हफ्ते तक रहेंगे। एक हफ्ते के बाद ही डॉक्टर से सलाह लेकर नवाज शरीफ यात्रा कर सकेंगे।

बेटी मरियम ने भी मांगी दुआ

शरीफ की बेटी मरियम शरीफ ने भी ट्विटर पर इस बात की पुष्टि की। उन्होंने ट्वीट किया कि दुआ का सबसे ज्यादा असर होगा और अच्छी दवाओं का भी। लाखों लोग जब उनके लिए दुआ करेंगे तो वह अच्छे हो जाएंगे।

मरियम ने अपने पिता की बीमारी का ब्यौरा देते हुए बताया कि वर्ष 2011 में शरीफ के दिल का ऑपरेशन हुआ था। मंगलवार को ऑपरेशन से पहले तीन दिनों तक उन्हें कुछ विशेष दवाइयां दी जाएंगी। स्वास्थ्य के कारणों से शरीफ की ये कुछ ही हफ्तों में दूसरी लंदन यात्रा है। वह 22 मई को चेकअप के लिए लंदन गए थे।

ये भी पढ़ें- जानें, कश्मीर का वो सच जिसे नकारता है पाक, अयूब सोचते थे कुछ...