यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 27, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
महबूबा के पैतृक कसबे में आतंकी हमला
पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती की ओर से राज्यपाल को सरकार बनाने का पत्र सौंपने से करीब दो घंटे पहले शनिवार ...और पढ़ें

श्रीनगर। पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती की ओर से राज्यपाल को सरकार बनाने का पत्र सौंपने से करीब दो घंटे पहले शनिवार को दक्षिण कश्मीर के बिजबिहाड़ा में आतंकियों ने थाने के बाहर सुरक्षाबलों पर घात लगाकर हमला किया। इस हमले में दो सैन्यकर्मियों समेत तीन लोग घायल हो गए। हमलावर आतंकियों को पकड़ने के लिए सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान चला रखा है।
हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन ने ली है। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बिजबिहाड़ा पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुफ्ती मुहम्मद सईद और पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती का पैतृक कसबा है। थाना भी पैतृक मकान से कुछ ही दूरी पर स्थित है। यह हमला दोपहर करीब सवा दो बजे हुआ, जबकि महबूबा राज्य में नई सरकार के गठन के लिए जम्मू में राज्यपाल से करीब सवा चार बजे मिलीं। बताया गया है कि सैन्यकर्मियों का एक गश्तीदल बिजबिहाड़ा थाने के बाहर से निकल रहा था।
उसी समय आतंकियों ने थाने के मुख्य गेट पर ग्रेनेड फेंका और सुरक्षाबलों को निशाना बनाते हुए फायरिंग भी की। अचानक हुए इस हमले में दो सैन्यकर्मी व एक नागरिक घायल हो गया। पुलिस स्टेशन में मौजूद पुलिसकर्मियों व गश्तीदल में शमिल जवानों ने घायलों को वहां से हटाते हुए जवाबी फायर किया, लेकिन अफरातफरी के बीच आतंकी भाग निकले।
