विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 19, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

आइटीओ पहुंची पहली मेट्रो ट्रेन

By Sanjay BhardwajEdited By:
Published: Fri, 19 Dec 2014 09:18 AM (IST)Updated: Fri, 19 Dec 2014 09:26 AM (IST)

दिल्‍ली की लाइफ लाइन कही जाने वाली मेट्रो ट्रेन का परिचालन जल्द आइटीओ तक शुरू हो जाएगा। बृहस्पतिवार को मंडी ...और पढ़ें

News Article Hero Image

नई दिल्ली [राज्य ब्यूरो]। दिल्ली की लाइफ लाइन कही जाने वाली मेट्रो ट्रेन का परिचालन जल्द आइटीओ तक शुरू हो जाएगा। बृहस्पतिवार को मंडी हाउस से आइटीओ के बीच इसका ट्रायल हुआ। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक मंगू सिंह ने हरी झंडी दिखाकर मेट्रो ट्रेन को रवाना किया। ट्रायल के रूप में डीएमआरसी के अधिकारियों को लेकर पहली मेट्रो आइटीओ पहुंची। उम्मीद है कि फरवरी के अंत तक केंद्रीय सचिवालय से आइटीओ तक यात्रियों के लिए मेट्रो का परिचालन शुरू हो जाएगा।

इससे रोज आइटीओ स्थित दफ्तरों में पहुंचने वाले बड़ी संख्या में लोगों को फायदा होगा। फिलहाल, आइटीओ जाने के लिए लोगों को प्रगति मैदान मेट्रो स्टेशन पर उतरकर करीब आधा किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। आइटीओ तक मेट्रो का परिचालन शुरू होने पर लोग केंद्रीय सचिवालय से सीधे या फिर द्वारका सेक्टर-21-नोएडा सिटी सेंटर/ वैशाली (ब्लूलाइन) के मंडी हाउस स्टेशन पर मेट्रो ट्रेन बदलकर आइटीओ पहुंच सकते हैं।

आइटीओ से थोड़ी ही दूरी पर फिरोजशाह कोटला क्रिकेट ग्राउंड व अंबेडकर फुटबाल स्टेडियम है। ऐसे में खेल प्रेमी आइटीओ मेट्रो स्टेशन उतरकर स्टेडियम पहुंच सकते हैं। अप्रैल में यहां इंडियन प्रीमियर लीग के क्रिकेट मैच भी होंगे।

डीएमआरसी के तीसरे चरण के तहत केंद्रीय सचिवालय से कश्मीरी गेट तक 9.37 किलोमीटर लंबी मेट्रो लाइन का निर्माण किया जा रहा है, लेकिन आईटीओ मेट्रो स्टेशन तक की लाइन पहले ही खोली जाएगी। बाकी लाइन बाद में खुलेगी। यह पूरी मेट्रो लाइन दिसंबर 2015 तक बनकर तैयार होगी।

आइटीओ के पास बाल भवन, पुलिस, लोक निर्माण विभाग का मुख्यालय, आयकर विभाग व यूजीसी सहित कई विभागों के कार्यालय हैं। इसलिए डीएमआरसी ने आइटीओ तक मेट्रो लाइन का निर्माण जल्द पूरा करने का निर्णय लिया था। यह कार्य जुलाई 2015 तक पूरा होना था, लेकिन मेट्रो ने निर्धारित समय से करीब सात माह पहले कार्य पूरा कर लिया। मंडी हाउस से आइटीओ तक के निर्माण कार्य की शुरुआत अप्रैल, 2012 में हुई थी।

पढ़े : 10 मेट्रो स्टेशनों के बदले जाएंगे नाम

पढ़ें : मेट्रो स्टेशन नहीं, ओपन थिएटर बोलिए जनाब