यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 24, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दिल्ली : सिमरन हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार, पुलिस को बतायी पूरी कहानी
फरार चल रहे 17 वर्षीय सिमरन हत्याकांड के मुख्य आरोपी शुभम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। फरार चल रहे 17 वर्षीय सिमरन हत्याकांड के मुख्य आरोपी शुभम को पुलिस ने दक्षिणी दिल्ली के एक इलाके में उसके एक रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार कर लिया है। वहां शुभम के साथ-साथ उसके परिजन भी मौजूद थे। शुभम के पास से पुलिस को वह मोबाइल फोन भी मिला है, जिसमें वारदात वाले दिन की तस्वीरें व वीडियो बनाए गए थे। यह मोबाइल सिमरन का है।
पढ़ें- दिल्ली : 17 साल की लड़की को उसके दोस्त ने मारी गोली, मौत
शुभम की उम्र 23 वर्ष बताई जा रही है और वह 12वीं कक्षा का ड्रॉपआउट छात्र है, पूछताछ में शुभम ने गोली मारने की बात को स्वीकार कर लिया है। उसने गुस्से में आकर ऐसा किया था। वारदात के दिन सिमरन के मोबाइल पर नितिन बार-बार फोन कर रहा था। यह बात उसे काफी अखर रही थी।
हालांकि शुभम को नितिन के बारे में पहले से कुछ पता नहीं था। लेकिन जब बार-बार उसका फोन आने लगा तब उसे ऐसा लगा कि सिमरन नितिन को उससे ज्यादा तवज्जो देती है। उसने कई बार सिमरन से पूछा था कि नितिन उसे बार बार क्यो फोन कर रहा है? इस बात से वह भी परेशान थी। उसकी परेशानी को देखते हुए ही उसे शुभम ने द्वारका स्थित मॉल ले जाने का फैसला किया, ताकि वहां सिमरन का तनाव दूर हो।
द्वारका तक सब कुछ ठीक था। लेकिन इसी बीच जब सिमरन को उसकी मां ने फोन किया तो उसने नितिन के साथ होने की बात कही। जिससे शुभम का पारा और चढ़ गया। मां के फोन आने के बाद सिमरन घर जाने की जिद करने लगी। द्वारका से नजफगढ़ के बीच मर्सिडीज कार में दोनों में नितिन को लेकर काफी झगड़ा हुआ। इसके बाद जब ये लोग सिमरन को छोड़ने उसके घर पहुंचे तो वहां नितिन को पहले से मौजूद पाकर शुभम का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उसने कार में रखे योगेश की पिस्टल से सिमरन को गोली मार दी।
पढ़ें- सीआरपीएफ में योगदान से पहले युवक की हत्या
वीडियो में खुश दिखे दोनों
पुलिस के अनुसार वीडियो उसी दिन बनाया गया, जिस दिन सिमरन को गोली मारी गई थी। वीडियो राजौरी गार्डन स्थित मॉल का है। इसमें सिमरन व शुभम के बीच की गहरी दोस्ती साफ-साफ नजर आती है। एक जगह सिमरन हुक्का पीती नजर आ रही है। वहीं एक जगह वह पिस्टल भी दिखाई दे रहा है, जिससे सिमरन को गोली मारी गई थी। वीडियो में पिस्टल को हाथ में लेकर शुभम यह कहता है कि इसमें छह की छह गोलियां भरी हैं।
