यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 31, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सत्ता मिलते ही आप के मंत्री ने मीडिया को दिखाई आंखें
सोमवार को दिल्ली सचिवालय में मीडिया के प्रवेश को लेकर केजरीवाल सरकार द्वारा पाबंदी लगाने से जमकर हंगामा हुआ। सचिवालय ...और पढ़ें

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। सोमवार को दिल्ली सचिवालय में मीडिया के प्रवेश को लेकर केजरीवाल सरकार द्वारा पाबंदी लगाने से जमकर हंगामा हुआ। सचिवालय में मान्यता प्राप्त पत्रकारों के दाखिल होने पर भी रोक लगाने के बाद दोपहर 12 बजे जब प्रेसवार्ता के लिए बुलाया गया तो वहां मौजूद सैकड़ों पत्रकारों ने इसका विरोध किया।
12 बजे की बजाय प्रेसवार्ता को संबोधित करने के लिए स्वास्थ्य मंत्री सतेंद्र जैन दोपहर दो बजे बाहर आए तो पत्रकारों ने उनका बहिष्कार किया। पत्रकारों ने जब पूछा कि एक तरफ मीडियाकर्मियों के प्रवेश करने पर पाबंदी लगा दी, फिर प्रेसवार्ता करने क्यों आए? इसके जवाब में जैन ने कहा कि 'उन्हें भी कोई शौक नहीं है प्रेसवार्ता करने का।' इससे बात और बिगड़ गई और पत्रकारों द्वारा बहिष्कार करने के बाद मंत्री वापस अपने दफ्तर की ओर लौट गए।
कुछ देर बाद पाबंदी को लेकर स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को पत्रकारों को माफी भी मांगनी पड़ी। जैन ने कहा कि आप लोगों को जो तकलीफ हुई है, उसके लिए अपनी पार्टी की ओर से क्षमा मांगता हूं। मैं पता करता हूं कि क्या बात है। इसके बाद शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया प्रेस रूम पहुंचे और बात सुनने के बाद दिल्ली सचिवालय में पहले की तरह मीडियाकर्मियों के प्रवेश की व्यवस्था बहाल करने की बात कही और चले गए। इसके बाद भी जब मीडिया कर्मी सचिवालय के भीतर प्रवेश करना चाह रहे थे, तो उन्हें भीतर जाने से रोका गया। शाम चार बजे तक प्रवेश को लेकर हंगामा होता रहा। इसके बाद सरकार की तरफ से आदेश आया कि मान्यता प्राप्त कर्मियों को पहले की तरह सचिवालय के भीतर जाने दिया जाए।
पढ़ें: सिसोदिया ने देर रात तक किया रैन बसेरों का दौरा
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
