यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 22, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मायावती ने साधा मोदी पर निशाना
लखनऊ [जाब्यू]। बसपा प्रमुख मायावती ने कांग्रेस व सपा के साथ ही भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ...और पढ़ें

लखनऊ [जाब्यू]। बसपा प्रमुख मायावती ने कांग्रेस व सपा के साथ ही भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर भी जमकर निशाना साधा है। मोदी द्वारा रैलियों में सूबे के पिछड़ेपन के लिए बसपा को जिम्मेदार ठहराए जाने पर मायावती ने पटलवार करते हुए कहा है कि किसी और को कोसने के बजाय उन्हें यहां सत्ता में रहे अपनी ही पार्टी के नेताओं को कोसना चाहिए।
बसपा प्रमुख ने कहा कि मोदी इधर-उधर की बात न कर महिला जासूसी कांड में देशवासियों को सफाई दें। प्रकरण की गंभीरता के मद्देनजर उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट खुद ही इस मामले का संज्ञान लेते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे। बसपा प्रमुख ने सूबे की बिगड़ी कानून व्यवस्था को देखते हुए एक बार फिर राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाए जाने की मांग दोहराई है।
पार्टी मुख्यालय में शुक्रवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में मायावती ने कहा कि मोदी यहां रैलियों में ज्यादातर स्थानीय समस्याएं गिना रहे है। बसपा प्रमुख ने कहा कि समस्याओं को लेकर रटा-रटाया भाषण देने से पहले मोदी को इस बात पर ध्यान देना चाहिए कि जब यहां व केंद्र में भाजपा सत्ता में थी तब क्यों नहीं कार्य कराए गए? ऐसे में किसी और को कोसने के बजाय मोदी को सत्ता में रहे भाजपा नेताओं को ही भला-बुरा व कोसना चाहिए। मोदी को सलाह देते हुए मायावती ने कहा कि इधर-उधर की हवाई बातें करने के बजाय बेहतर होगा कि वह गुजरात के चर्चित महिला जासूसी कांड मामले में देशवासियों को स्पष्टीकरण दें।
पढ़ें : मुख्यमंत्री सचिवालय में होता था भ्रष्टाचार पर रिसर्च: अखिलेश
अब तक इस मामले में मोदी द्वारा मुंह न खोलने पर दुख जताते हुए मायावती ने कहा कि प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पार्टी चाहती है कि सुप्रीम कोर्ट खुद ही इसका संज्ञान ले और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें ताकि कोई भी सरकार, सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग की हिम्मत न जुटा सके।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
