यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 01, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सिसोदिया पर धमकी देने का आरोप, 'आप' के नाम पर लोगों ने कब्जाई जमीन
नई दिल्ली [जासं]। नई सरकार के गठन के साथ ही विभिन्न मुद्दों को लेकर नगर निगम व दिल्ली सरकार के ...और पढ़ें

नई दिल्ली [जासं]। नई सरकार के गठन के साथ ही विभिन्न मुद्दों को लेकर नगर निगम व दिल्ली सरकार के बीच कड़वाहट शुरू हो गई है। सोमवार को जहां शिक्षा मंत्री ने स्कूलों को लेकर निगम के खिलाफ बयान दिया था। वहीं मंगलवार को निगम की ओर से भी शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया के खिलाफ बयानबाजी की गई।
नगर निगम दक्षिणी में सदन के नेता सुभाष आर्य ने नवगठित आम आदमी पार्टी [आप] सरकार के शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया पर निशाना साधा है। उन्होंने शिक्षा मंत्री पर बिना कारण धमकी देने का आरोप लगाया है। सिसोदिया के निगमों द्वारा नए स्कूलों की स्थापना में नक्शा स्वीकृत करने में अड़चन पैदा के बयान पर आर्य ने कहा है कि निगम में किसी भी विद्यालय का यदि नक्शा पास कराने के लिए आवेदन आता है तो उसे अविलंब पास किया जाता है।
पढ़ें : सत्ता मिलते ही आप के मंत्री ने मीडिया को दिखाई आंखें
नए विद्यालय खोलने के संदर्भ में आर्य ने कहा कि तीनों नगर निगमों को दिल्ली सरकार व केंद्र सरकार द्वारा जमीन की उपलब्धता कराते ही विद्यालय खोलना शुरू कर दिया जाएगा। इन विद्यालयों के लिए निगमों द्वारा निरंतर भूमि आवंटित करने की मांग की जाती रही है, परंतु राज्य व केंद्र के अधीन विभिन्न एजेंसियां निगमों को यह भूमि आवंटित नहीं कर रही हैं। इसलिए शिक्षा मंत्री को बिना तथ्यों की जांच किए इस तरह के बयान जारी करने से परहेज करना चाहिए।
औचक निरीक्षण पर जताई आपत्ति :
उधर, नगर निगम के महापौर मास्टर आजाद सिंह ने दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन द्वारा नगर निगम के राजनबाबू क्षय रोग अस्पताल का निरीक्षण पर आपत्ति जताई है।
उन्होंने कहा है कि दिल्ली सरकार के मंत्री द्वारा अस्पताल का निरीक्षण करने पर आपत्ति नहीं है। बल्कि जब निगम के किसी प्रतिष्ठान का दिल्ली सरकार के मंत्री दौरा करते हैं तो निगम में सत्तासीन नेताओं और क्षेत्रीय निगम पार्षदों को भी साथ ले लें। उन्होंने इस बारे में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखा है।
79 एकड़ जमीन कब्जाने का आरोप :
किंग्जवे कैंप में आम आदमी पार्टी के नाम पर शरारती तत्वों ने दिल्ली नगर निगम की 79 एकड़ जमीन कब्जाने के प्रयास की जानकारी नगर निगम उत्तरी ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को दी है। नगर निगम उत्तरी ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर इस जमीन को बचाने का अनुरोध किया। निगम ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पत्र भेजकर कहा कि जमीन कब्जाने वाले अपने लोगों को समझाएं।
किंग्जवे कैंप में राजन बाबू क्षय रोग अस्पताल की जमीन को 30 दिसंबर को आम आदमी पार्टी के नाम पर कथित झुग्गीवालों द्वारा जमीन कब्जाने के मामले में निगम मुख्यालय सिविक सेंटर में मंगलवार को गहमा-गहमी रही। नगर निगम उत्तरी की स्थायी समिति के अध्यक्ष मोहन भारद्वाज ने इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र लिखा।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
