यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 01, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
नन दुष्कर्म में पुलिस को बड़ी सफलता, चार बांग्लादेशी गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के नदिया जिला स्थित राणाघाट के मिशनरी स्कूल में डकैती और वृद्ध नन से सामूहिक दुष्कर्म मामले में ...और पढ़ें

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के नदिया जिला स्थित राणाघाट के मिशनरी स्कूल में डकैती और वृद्ध नन से सामूहिक दुष्कर्म मामले में सीआइडी को बड़ी सफलता मिली। मामले में सीआइडी ने पंजाब से चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को बांग्लादेशी बताया जा रहा है।
मंगलवार को जांच एजेंसी ने इसका खुलासा करते हुए कहा कि आरोपियों के पंजाब में छिपे होने का पता चला था। इस पर पंजाब पुलिस की मदद से चार लोगों को दबोचा गया। मामले में मास्टरमाइंड समेत अब तक कुल छह आरोपी पकड़े जा चुके हैं।
सीआइडी के अनुसार, मिशनरी स्कूल के सीसीटीवी कैमरे में कैद अपराधियों की तस्वीरें व उसके आधार पर तैयार किए गए स्केच की मदद से चारों की शिनाख्त की गई। सीआइडी की विशेष टीम चारों को जल्द पश्चिम बंगाल जाएगी। हालांकि, जांच एजेंसी ने इस बात का खुलासा नहीं किया कि आरोपियों को पंजाब के किस स्थान से गिरफ्तार किया गया है और उनके नाम क्या हैं?
इससे पहले सीआइडी ने एक आरोपी सलीम शेख को मुंबई, जबकि वारदात के मास्टरमाइंड गोपाल सरकार उत्तर 24 परगना जिले के हबरा स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया था। गोपाल ने ही वारदात को अंजाम देने वाले बांग्लादेशी अपराधियों को अपने घर में पनाह दी थी और पूरी साजिश रची थी। उनसे पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर ही सीआइडी ने पंजाब में छापेमारी की है।