यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 01, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
राष्ट्रीय खिलाड़ी से लव जेहाद, जबरन धर्म परिवर्तन, किया निकाह
राष्ट्रीय शूटर तारा सहदेव के बाद अब कानपुर शहर में 'लव जेहाद' का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवक ने अपना असली नाम छिपाकर राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी से दोस्ती की जबरन धर्म परिवर्तन करा निकाह कर लिया। किशोरी की आपबीती सुनकर परिजनों ने मुकदमा दर्ज कराने के बाद भी चुप बैठी पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाय

जागरण संवाददाता, कानपुर। राष्ट्रीय शूटर तारा सहदेव के बाद अब कानपुर शहर में 'लव जेहाद' का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवक ने अपना असली नाम छिपाकर राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी से दोस्ती की जबरन धर्म परिवर्तन करा निकाह कर लिया। किशोरी की आपबीती सुनकर परिजनों ने मुकदमा दर्ज कराने के बाद भी चुप बैठी पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपी समेत धर्म परिवर्तन कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
यशोदा नगर निवासी किशोरी टेबल टेनिस में राज्य व ताइक्वांडो की राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी है। स्कूल के एनसीसी कैंप के दौरान बस कंडक्टर ढकनापुरवा निवासी वसीम उर्फ राजा से उसकी मुलाकात हुई थी। 16 अगस्त को वसीम उसे घुमाने के बहाने स्कूल के बाहर से अपने घर ले गया। वहां जबरन धर्म परिवर्तन करा निकाह कर लिया। परिजनों ने बेटी के लापता होते ही आशंका पर वसीम के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया, लेकिन प्रेम प्रसंग का मामला बताकर पुलिस चुप्पी मार गई। मामला आला अधिकारियों तक पहुंचने पर किशोरी को शनिवार को बरामद कर आरोपी वसीम को जेल भेजा गया। घर पहुंची किशोरी की आपबीती सुनकर परिवार के होश उड़ गए। उसके मुताबिक, वसीम ने असली नाम छिपाकर दूसरा नाम राजा बताकर दोस्ती कर ली और घर ले गया। जहां उसके परिवार वालों ने बंधक बना परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए जबरन धर्म परिवर्तन करा निकाह करा दिया। किशोरी के पिता का आरोप है इसमें परिवार के अन्य सदस्यों के साथ काजी भी शामिल है, लेकिन कार्रवाई नहीं की गई है।
दूसरी तरह मामला तूल पकड़ने पर पुलिस इसे प्रेम प्रसंग साबित करने में जुट गई है। पुलिस के मुताबिक किशोरी के मोबाइल की कॉल डिटेल में देर रात तीन-तीन घंटे उसकी वसीम से बातचीत हुई है। दोनों करीब एक साल से संपर्क में थे। पूछताछ के दौरान किशोरी ने भी स्वेच्छा से वसीम के साथ जाने और निकाह कराने की बात कबूली है। हालाकि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मामले में सख्त धाराओं की बढ़ोतरी कर जांच शुरू कर दी है। एसपी पूर्वी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि धर्म परिवर्तन कराने की बात गलत है। बहला फुसला कर ले जाने का मामला है। किशोरी के मजिस्ट्रेट के समक्ष कलमबंद बयान हो चुके हैं। दुष्कर्म और पास्को की धाराएं बढ़ाई गई हैं। जांच में ऐसे तथ्य प्रकाश में आएंगे तो उस पर भी कार्रवाई की जाएगी।
महरीन नाम से हुआ निकाह:
लव जेहाद की शिकार किशोरी का महरीन नाम रखकर निकाहनामा पढ़ा गया। जहां काजी ने उसके पक्ष में किसी के न होने पर दानिश व सलमान नाम के दो युवकों को गवाह बनाया, जबकि निकाह नामा पर किशोरी ने असली नाम के हस्ताक्षर भी किए। परिजनों ने इसे सोची समझी साजिश बताते हुए काजी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।