यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 06, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
योगेंद्र यादव ने केजरीवाल की मनमानी पर साधा निशाना
आम आदमी पार्टी [आप] में दूसरी पंक्ति के नेताओं में चल रही बगावत और खींच-तान के बाद अब शीर्ष पर ...और पढ़ें

नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो]। आम आदमी पार्टी [आप] में दूसरी पंक्ति के नेताओं में चल रही बगावत और खींच-तान के बाद अब शीर्ष पर सिर फुटव्वल का दौर शुरू हुआ है। एक तरफ पार्टी के सबसे बड़े रणनीतिकार रहे योगेंद्र यादव ने अब केजरीवाल के नेतृत्व पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं दूसरी तरफ केजरीवाल के करीबी मनीष सिसोदिया ने यादव को पत्र लिख कर गंभीर आरोप मढ़ दिए हैं।
शुक्रवार को एक ओर जहां पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक शुरू हुई, वहीं दूसरी तरफ पार्टी के शीर्ष पर टकराव भी सामने आ गया। योगेंद्र यादव ने पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) को पत्र लिखकर केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा है कि पार्टी में भी सारी शक्तियां एक जगह सीमित होती जा रही हैं। उन्होंने केजरीवाल के नेतृत्व की तुलना सर्वशक्तिमान हाईकमान से कर दी है।
उधर, योगेंद्र यादव के खुलकर सामने आने से परेशान केजरीवाल अब इस लड़ाई पर और पर्दा डालने के पक्ष में नहीं। पार्टी में उनके करीबी माने जाने वाले मनीष सिसोदिया ने उन्हें एक पत्र लिख कर सारा मामला सामने ला दिया। इस पत्र में उन्होंने कहा है पिछले 15 दिन से उनका और हरियाणा के पार्टी नेता नवीन जयहिंद के बीच सार्वजनिक तौर पर झगड़ा चल रहा है। सिसोदिया ने सीधा आरोप लगाया कि वे जयहिंद के खिलाफ मनमाफिक कार्रवाई नहीं होने की वजह से अब इसमें केजरीवाल को घसीट रहे हैं। इस लड़ाई में यह भी साफ हो गया है कि पार्टी अपने बड़े फैसले शीर्ष नेताओं के दबाव में करती है। सिसोदिया ने यादव को संबोधित पत्र में लिखा है, 'आपने गुड़गांव से लड़ने का फैसला किया। पीएसी के कई सदस्य इसके खिलाफ थे। लेकिन अरविंद ने सबको तैयार किया। इसके पहले भी जब आप हरियाणा के प्रभारी बनना चाहते थे और आप यह भी चाहते थे कि पार्टी आपको हरियाणा के मुख्यमंत्री उम्मीदवार के तौर पर पेश करे, तब पीएसी के कई साथी इसके खिलाफ थे। तब भी अरविंद ने ही आपका समर्थन किया। ..तब वे लोकतांत्रिक थे। अब सुप्रीमो की तरह हो गए हैं।'
मालूम हो कि लोकसभा चुनाव में हरियाणा में पार्टी की करारी हार के बाद से बैठकों में हरियाणा के नेता नवीन जयहिंद और यादव के बीच जमकर झगड़ा हो रहा था। यादव जहां जयहिंद को पार्टी से निकलवाना चाहते थे, वहीं राज्य में पार्टी के अधिकांश लोग उनसे ही नाराज थे।
शाजिया को मनाने की तैयारी
संगठन छोड़ रहे पुराने कार्यकर्ताओं को मनाने पर भी पार्टी ने ध्यान देना शुरू कर दिया है। इसके तहत जहां महाराष्ट्र की संयोजक अंजलि दमानिया को फिलहाल पद पर बने रहने के लिए गुरुवार को ही मना लिया गया। वहीं राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में यह भी तय किया गया कि पार्टी की पुरानी कार्यकर्ता शाजिया इल्मी की वापसी की कोशिश की जाएगी।
शाजिया ने गाजियाबाद से पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था। पिछले दिनों उन्होंने केजरीवाल पर कुछ अलोकतांत्रिक लोगों से घिरे होने का आरोप लगाते हुए पार्टी छोड़ दी थी।