यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 20, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बारह वर्ष से लापता है कारगिल का योद्धा
कारगिल युद्ध में भारतीय सेना को उम्दा सफलता दिलाने वाला बस्ती का एक योद्धा बारह वर्ष से रहस्यमय तरीके से लापता है। वैसे तो कारगिल की जीत पर देश में जमकर जश्न मनाया गया, लेकिन इस योद्धा के परिवारवालों की सुधि लेने वाला कोई नहीं है। सभी रोज किसी न किसी पैगाम के आने का इंतजार कर रहे हैं।

बस्ती, [कमलेंद्र पटेल]। कारगिल युद्ध में भारतीय सेना को उम्दा सफलता दिलाने वाला बस्ती का एक योद्धा बारह वर्ष से रहस्यमय तरीके से लापता है। वैसे तो कारगिल की जीत पर देश में जमकर जश्न मनाया गया, लेकिन इस योद्धा के परिवारवालों की सुधि लेने वाला कोई नहीं है। सभी रोज किसी न किसी पैगाम के आने का इंतजार कर रहे हैं।
भानपुर तहसील के दसिया गांव के राजेंद्र प्रसाद चौहान सेना में तोपची के पद पर तैनात थे। जो लगभग बारह वर्ष से लापता हैं, लेकिन सेना के रिकार्ड बताते है कि वह सेवानिवृत्ति लेकर घर जा चुके हैं, लेकिन अभी तक घर नहीं लौटे हैं। पीड़ित परिवार के जख्मों पर मरहम लगाने आज तक न तो सेना का कोई अधिकारी आया और न ही अन्य प्रशासनिक अमला और न ही कोई जनप्रतिनिधि।
पढ़ें: कारगिल में बादल फटा, लेह से कारगिल का संपर्क टूटा
ं
विक्षिप्त हो गई बूढ़ी मां
सैनिक राजेंद्र की याद में उसकी बूढ़ी मां यशोदा देवी रो-रो कर विक्षिप्त हो गई है। किसी को दरवाजे पर देखते ही लिपट कर रोने लगती है, कहती है कि मेरा बेटा आ गया।
सेना से लापता हुआ बेटा: पिता
सैनिक राजेंद्र के बूढ़े पिता रामधन चौहान जो खुद भी सेना में रह चुके हैं। दोनों पैर भी गंवा चुके राजेंद्र बताते हैं कि बेटा सेना की नौकरी के दौरान ही लापता हुआ है। राजेंद्र 1991-92 में आर्मी नंबर 15461323 एसडब्ल्यूआर सेना आर्म्ड कोर अहमद नगर में भर्ती हुआ था। वह अन्तिम बार 2002 की मई में घर आया था। राजेंद्र प्रसाद ने 1999 के कारगिल युद्ध में बतौर तोपची टाइगर हिल पर उल्लेखनीय भूमिका का निर्वहन किया था। युद्ध के बाद दो वर्ष तक तो उसका पता रहा किन्तु उसके बाद से उसका पता न चलने पर पिता रामधन खुद ही सेना मुख्यालय पहुंच गया और अपने बेटे के बारे में पूछताछ किया। पिता के अनुसार उसे बताया गया कि राजेंद्र प्रसाद 13 दिसम्बर 2003 को लोकल डिस्चार्ज लेकर घर चला गया । थक हार कर पिता घर लौट आया।
सीबीआइ से हो जांच: पत्नी
सैनिक की पत्नी नीरमती अपने पति के लापता होने की सीबीआइ जांच कराने की मांग कर न्याय चाहती है। नीरमती ने कई बार रक्षा मंत्रालय समेत डीजीपी व डीआइजी को रजिस्टर्ड पत्र भेज कर अपने पति का पता लगाने की मांग कर चुकी है।