यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 02, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कारगिल में बादल फटा, लेह से कारगिल का संपर्क टूटा
कारगिल में गुरुवार की रात बादल फटने के बाद आई बाढ़ ने कारगिल और उससे सटे इलाकों में जबरदस्त तबाही मचाई है। बाढ़ में पशकून के निकट लेह-करगिल राष्ट्रीय राजमार्ग काएक हिस्सा भी बह गया है। अचानक आई इस बाढ़ से कारगिल अस्पताल और इकबाल पुल के अलावा एक दर्जन के करीब मकानों को नुकसान पहुंचा है।

श्रीनगर, जागरण ब्यूरो। कारगिल में गुरुवार की रात बादल फटने के बाद आई बाढ़ ने कारगिल और उससे सटे इलाकों में जबरदस्त तबाही मचाई है। बाढ़ में पशकून के निकट लेह-करगिल राष्ट्रीय राजमार्ग काएक हिस्सा भी बह गया है। अचानक आई इस बाढ़ से कारगिल अस्पताल और इकबाल पुल के अलावा एक दर्जन के करीब मकानों को नुकसान पहुंचा है। बाढ़ में फंसे नौ लोगों को बचाया गया है। यहां पर राहत कार्य देर रात ही शुरू कर दिया गया था।
जानकारी के अनुसार, रात आठ बजे बादल फटा और इसके साथ हुई मूसलाधार बारिश के बीच सुरु दरिया में बाढ़ आ गई। बाढ़ का पानी किनारों को तोड़ता हुआ आसपास के इलाकों में दाखिल हो गया। बाढ़ ने कई वाहनों और दुकानों के अलावा मकानों को भी नुकसान पहुंचाया है। कारगिल के जिला उपायुक्त फिदा हुसैन ने बताया कि अचानक आई बाढ़ के पानी में नौ लोग फंस गए थे। पुलिस के जवानों ने इन लोगों को सुरक्षित बचा लिया है। हालांकि इनमें से एक की हालत गंभीर है और उसे अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
उन्होंने बताया कि अचानक आई बाढ़ से कारगिल बाजार, अस्पताल, अब्दुलगुंड में नुकसान पहुंचा है। कारगिल बाजार में बारिश और बाढ़ के दौरान हुए भूस्खलन से दो फीट मोटी परत मलबे की जमा हो गई है। हुंडरमेन में सात से आठ फीट मोटी परत जमा हो गई है। पशकून में लेह-करगिल राष्ट्रीय राजमार्ग का एक हिस्सा बह जाने से लेह का कारगिल और कश्मीर से सड़क संपर्क कट गया है।
जिला उपायुक्त ने बताया कि बादल फटने के बाद करीब आधे घंटे तक कारगिल और उससे सटे इलाकों में मूसलधार बारिश हुई। इस बारिश ने कई मकानों को भी तबाह किया है। कई इलाकों में खेतों में खड़ी फसल भी तबाह हो गई है। कारगिल बाजार में खडे़ कई वाहन भी नष्ट हुए हैं। सही नुकसान का सही पता अभी तक नहीं चल सका है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर