यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 17, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
शरद का BJP पर तंज, कहा- जनता के सामने कोई हिटलर भी नहीं जीत सकता
विपक्षी नेताओं को साझी विरासत बचाओ सम्मलेन के बहाने जुटाने की अपनी पहल में बड़े नेताओं के शामिल होने का दावा खुद शरद ने किया।

नई दिल्ली, एएनआई। नीतीश कुमार के भाजपा से हाथ मिलाने से नाराज जनता दल यूनाइटेड के वरिष्ठ नेता शरद यादव ने विपक्षी दलों को इकठ्ठा कर अपना सियासी दम दिखाने का फैसला किया। इस कसरत के तहत शरद ने अाज 'साझी विरासत बचाओ सम्मेलन' के लिए विपक्ष की 17 पार्टियों के नेताओं की बैठक बुलाई। बैठक में जेडीयू नेता शरद यादव व अली अनवर के अलावा पूर्व पीएम मनमोहन सिंह व राहुल गांधी भी पहुंचे। इनके अलावा जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारुक अब्दुल्ला भी शामिल हुए।
इस मौके पर शरद यादव ने कहा, बहुत बंटवारे हुए, ऐसा बंटवारा नहीं देखा। उन्होंने कहा कि लोगों को लग रहा था कि मैं खिसक न जाऊं, मंत्री से संत्री न बन जाऊं। उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा कि जब हिंदुस्तान और विश्व की जनता एक साथ खड़ी हो जाती है तो कोई हिटलर भी नहीं जीत सकता।
यह भी पढ़ें: फारुक अब्दुल्ला ने कहा- चीन और पाकिस्तान से नहीं, बल्कि इनसे है देश को खतरा
वहीं कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि असली जेडीयू तो शरद यादव की है। नीतीश की तो बीजेपी (यू) है।
संविधान खत्म करना चाहता है संघ
राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी और संघ पर करारा वार करते हुए कहा कि ‘देश को देखने के दो तरीके होते हैं, ‘एक कहता है ये देश मेरा है, एक कहता है मैं इस देश का हूं, ये फर्क है हम में और आरएसएस में। संविधान में लिखा है वन मैन वन वोट। जो संविधान देता है उसको आरएसएस खत्म करना चाहता है संविधान बदलना चाहता है।‘
राहुल गांधी ने कहा, ‘सत्ता आने पर न 15 लाख का वादा, न रोजगार का वादा पूरा हुआ। आरएसएस कहती है, यह देश हमारा है, लेकिन अन्य देशवासियों से कह रही है कि तुम इसके नहीं हो।
यह भी पढ़ें: सांझी विरासत को भाजपा ने बताया डरे हुए लोगों का गठबंधन
केंद्र पर बरसे फारुख अब्दुल्ला
‘सांझी विरासत बचाओ’ में कार्यक्रम में फारुख अब्दुल्ला ने केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि ‘भारत को खतरा बाहर से नहीं है, चीन पाकिस्तान कुछ नहीं बिगाड़ सकता, अंदर चोर बैठा हुआ है बेड़ा गर्क कर रहा है।‘ अब्दुल्ला ने आगे कहा कि पहले हमारी जंग अंग्रेजो से थी, लेकिन अब अपनों से है। उन्होंने कहा कि मैं फक्र से कहता हूं कि मैं मुसलमान हूं, मैं एक हिंदुस्तानी मुसलमान हूं।
उन्होंने कहा कि ये लोग जोड़ने की बात करते हैं लेकिन तोड़ने का काम कर रहे हैं। एक पाकिस्तान बना दिया पर अब कितने पाकिस्तान बनाओगे। उन्होंने कहा कि हम पर आरोप लगाते हैं कि हम वफादार नहीं हैं, पर सच ये है कि तुम लोग दिलदार नहीं हो।
'सांझी विरासत' पर भाजपा का निशाना
केंद्रीय मंत्री व भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने शरद यादव पर तंज कसते हुए कहा कि जिस व्यक्ति (शरद यादव) की राजनीति शुरू हुई जेपी के चरणों में बैठकर, आज वे राहुल गांधी के साथ बैठकर अपने को बहुत पुलकित महसूस कर रहे हैं। ये डरे हुए लोगों का गठबंधन है, ये मोदी जी से डरे हुए हैं, भाजपा से डरे हुए हैं।
यही नहीं प्रसाद ने कांग्रेस पर भी हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी ने कांग्रेस में लोगों को ऐसा डराया, चुप कराया कि बार-बार पार्टी के हारने के बावजूद कोई जवाब नहीं मांग पा रहा। भाजपा लोकतांत्रिक तौर पर काम करती है। राहुल गांधी पर कभी-कभी दया आती है।
