यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 29, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
व्यापम के हाई प्रोफाइल आरोपियों का भोपाल में होगा
मध्य प्रदेश व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) के हाई प्रोफाइल आरोपियों का पॉलीग्राफी टेस्ट कराने की तैयारियों में जुटी सीबीआइ अब यह टेस्ट भोपाल में ही कराएगी।

नई दुनिया, भोपाल : मध्य प्रदेश व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) के हाई प्रोफाइल आरोपियों का पॉलीग्राफी टेस्ट कराने की तैयारियों में जुटी सीबीआइ अब यह टेस्ट भोपाल में ही कराएगी। टेस्ट की पूरी प्रक्रिया भोपाल में ही कराने के लिए उच्च स्तर से इजाजत मिल चुकी है।
गौरतलब है कि व्यापम की विभिन्न परीक्षाओं में दो हजार से ज्यादा संदिग्ध आरोपी सीबीआइ जांच के दायरे में हैं। सूत्र बताते हैं कि सितंबर में सीबीआइ ने पीएमटी मामले में लगभग 50 से ज्यादा लोगों का पॉलीग्राफी टेस्ट दिल्ली में कराया है जिसमें छात्र, मुन्नाभाई और स्कोरर शामिल हैं।
वहीं कुछ मामलों में दिल्ली एफएसएल के विशेषज्ञों को राजधानी बुलाकर भी टेस्ट करवाया गया है। लेकिन अब आगे से यह सारी व्यवस्था भोपाल में ही होगी।
जांच की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश
सूत्र बताते हैं कि पिछले दिनों राजधानी आए सीबीआइ डॉयरेक्टर ने अधिकारियों को जांच में और तेजी लाने को कहा है। मामले की जांच करते हुए सीबीआइ को एक साल हो चुका है। इधर, सितंबर में जिन लोगों के पॉलीग्राफी टेस्ट करवाए गए, उनसे भी कुछ नए सुबूत सीबीआइ को मिले हैं।
