यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 16, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गुजरात में अब नहीं होगी नीलगायों की हत्या
सरकार ने किसानों को होने वाले नुकसान को ध्यान में रखकर यह अनुमति मांगी थी।

अहमदाबाद, प्रेट्र। गुजरात में अब फसलों को नुकसान पहुंचाने वाली नीलगायों की जान नहीं ली जाएगी। गुजरात की भाजपा सरकार ने नीलगाय और जंगली सुअर को हिंसक मानकर उन्हें मारने की अनुमति मांगने वाले केंद्र को भेजे गए अपने प्रस्ताव को वापस ले लिया है। सरकार ने किसानों को होने वाले नुकसान को ध्यान में रखकर यह अनुमति मांगी थी।
खेतों में लगेगी बाड़
गुजरात में बाड़ लगाकर खेतों में लगी फसल की रक्षा की जाएगी। नीलगाय के उत्पात वाले इलाकों में 97.5 लाख मीटर बाड़ लगाने की तैयारी है। राज्य सरकार ने इसके लिए 200 करोड़ रुपये भी जारी कर दिए हैं। इसकी घोषणा गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपानी ने की। इस संबंध में उन्होंने हाल में वन्यजीव सुरक्षा बोर्ड की बैठक के दौरान विचार-विमर्श किया था। इसके बाद ही राज्य सरकार ने नीलगायों को हिंसक मानकर मारने की अनुमति वाले प्रस्ताव को वापस लेने का फैसला किया।
शिकार पर होता रहा है विवाद
वाइल्डलाइफ प्रोटेक्शन एक्ट, 1972 के तहत नीलगाय और जंगली सुअर के शिकार पर मनाही है, लेकिन कुछ इलाकों में इनके उत्पात से किसानों को नुकसान झेलना पड़ता है। इसकी वजह से ही गुजरात सरकार ने पूर्व में केंद्र से अनुमति मांगी थी।
बिहार में भी पिछले वर्ष पटना और आसपास के इलाकों में नीलगाय का शिकार करने पहुंचे दक्षिण भारतीय शिकारियों की रिपोर्ट मीडिया में आने पर हंगामा हुआ था। वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी संस्थाओं ने ऐसी अनुमति पर सवाल खड़े किए थे।
यह भी पढ़ेंः ओडिशा के अस्पताल में शिशु के शव को खा रहा था कुत्ता