यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 20, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
भाजपा में खींचतान से दिल्ली में सरकार के लिए नहीं बन रही बात
भाजपा में आपसी सहमति नहीं बनने के कारण दिल्ली में सरकार बनाने को लेकर गतिरोध जारी है। सबसे ज्यादा दिक्कत ...और पढ़ें

नई दिल्ली [राज्य ब्यूरो]। भाजपा में आपसी सहमति नहीं बनने के कारण दिल्ली में सरकार बनाने को लेकर गतिरोध जारी है। सबसे ज्यादा दिक्कत मुख्यमंत्री पद को लेकर पार्टी में बन गए अलग-अलग गुटों की वजह से हो रही है। इस पर फैसला लेने में हो रही देरी के कारण जहां विधायकों की बेचैनी बढ़ रही है वहीं विरोधी पार्टियों ने भाजपा पर हमले भी शुरू कर दिए हैं।
पिछले लगभग एक माह से भाजपा के कुछ विधायक दिल्ली में सरकार बनाने की मुहिम में जुटे हुए हैं। पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं व संघ पदाधिकारियों का साथ मिलने के बाद इसे लेकर सियासी सरगर्मी और बढ़ गई। लेकिन अभी तक इसका कोई नतीजा नहीं निकल सका है। इसके लिए भाजपा के अंदर हो रही खींचतान को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि सरकार बनने की संभावना में वृद्धि होने पर मुख्यमंत्री पद के दावेदार बढ़ने लगे हैं और सभी एक-दूसरे को मात देने की कोशिश में लगे हुए हैं। मजेदार बात यह है कि सभी दावेदार दूसरी पार्टियों के विधायकों का साथ मिलने का दावा कर रहे हैं। बताया जाता है कि जनकपुरी के विधायक प्रोफेसर जगदीश मुखी व बदरपुर के विधायक रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कुछ विधायकों को साथ लेकर सरकार बनाने की मुहिम शुरू की थी। इसलिए दोनों मुख्यमंत्री पद के दावेदार माने जा रहे हैं। लेकिन इन दोनों के नाम पर सहमति नहीं बन पा रही है। जहां बिधूड़ी के नाम पर भाजपा के कई नेता व विधायक आपत्ति जता रहे हैं, वहीं मुखी के नाम पर कांग्रेस से टूट कर आने वाले विधायकों में से कुछ सहमत नहीं है।
इसी बीच पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य विजय गोयल की सक्रियता तथा नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र की सांसद मीनाक्षी लेखी का नाम भी उछलने से इस पद को लेकर खींचतान और तेज हो गई है।
साथ ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा अलग-अलग बयान दिए जाने से भी मामला उलझ गया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राजीव प्रताप रूडी तथा प्रदेश संगठन प्रभारी प्रभात झा द्वारा सभी विकल्प खुले रहने की बात कहने के बाद केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने जोड़तोड़ की सरकार बनाने से इन्कार कर दिया। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन चुनाव को ही एकमात्र विकल्प बता रहे हैं। इन बयानों से भाजपा के विधायकों व कार्यकर्ताओं में असमंजस की स्थिति बढ़ रही है। आम आदमी पार्टी व कांग्रेस भी भाजपा पर हमला बोल रही हैं। दोनों पार्टियों का आरोप है कि भाजपा उनके विधायकों को तोड़कर अनैतिक ढंग से सरकार बनाने की कोशिश कर रही है।
चुनावी तैयारी में जुटी 'आप'
आम आदमी पार्टी (आप) दोबारा चुनावी तैयारी में जुट गई है। इसके लिए पार्टी में लगातार बैठकों का दौर जारी है। लोकसभा चुनाव के नतीजे उम्मीद के विपरीत आने के बाद पार्टी ने दोबारा से जनता के दिल में घर बनाने का मन बनाया है। गत वर्ष दिल्ली विधानसभा चुनाव से पूर्व चुनावी अभियान के क्रम में आप ने बिजली व पानी की किल्लत के खिलाफ अभियान चला जबरदस्त जनसमर्थन हासिल किया था। इस बार पार्टी ने डोर-टू-डोर अभियान शुरू किया है। जिसके तहत पार्टी कार्यकर्ता आम लोगों से मुलाकात कर बिजली-पानी की समस्या पर चर्चा कर रहे हैं व लोगों को पंफलेट बांट रहे हैं। बूथ लेवल इंचार्ज पर पंफलेट बांटने की जिम्मेदारी डाली गई है। पार्टी की ओर से अब तक 10 लाख से ज्यादा पंफलेट बांट दिए गए हैं। आने वाले दिनों में इसकी संख्या 20 लाख से ऊपर पहुंच जाएगी। आप कार्यकर्ताओं की तरफ से बांटे जा रहे पंफलेट में दिल्ली में आप सरकार के 49 दिनों में बिजली की हालत, केंद्र में भाजपा सरकार बनने के बाद पैदा हुआ बिजली संकट व इसके समाधान का उल्लेख किया गया है। वहीं, बिजली सस्ती करने की मांग भी की गई है।
लोगों से मुलाकात के दौरान बताया जाता है कि आप की सरकार ने 31 मार्च तक बिजली पर सब्सिडी दी थी, लेकिन तत्कालीन केंद्र की यूपीए सरकार ने इसे खत्म कर दिया। केंद्र की मौजूदा एनडीए सरकार बिजली कटौती रोक पाने में नाकाम साबित हो रही है।
पार्टी प्रवक्ता दिलीप पांडेय के मुताबिक, मौजूदा बिजली संकट के लिए कांग्रेस-भाजपा जिम्मेदार हैं। कांग्रेस ने जहां अपने शासनकाल में बिजली के बुनियादी ढांचे के विस्तार पर काम नहीं किया, वहीं भाजपा फिलहाल बिजली कंपनियों की मनमानी पर रोक नहीं लगा पा रही है।