हरियाणा में छात्रा, दिल्ली में विधवा से गैंगरेप
हरियाणा के पलवल में दसवी कक्षा की एक छात्रा और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक विधवा से गैंगरेप व एक बच्ची से रेप का मामला प्रकाश में आया है। ...और पढ़ें

पलवल/नई दिल्ली। हरियाणा के पलवल में दसवी कक्षा की एक छात्रा और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक विधवा से गैंगरेप व एक बच्ची से रेप का मामला प्रकाश में आया है।
पढ़ें: पति को बांधकर पत्नी से गैंगरेप
पलवल के नगर थाने के नजदीक से बोलेरो सवार पांच युवकों ने दसवीं की छात्रा को अगवा कर लिया, जिनमें दो ने उससे सामूहिक दुष्कर्म किया। अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पढ़ें: सेक्स वर्कर से गैंगरेप
पीड़ित छात्रा ने पुलिस को बताया कि वह प्रतिदिन ऑटो या बस से गांव से स्कूल के लिए आती है। 2 सितंबर की सुबह वह ऑटो से पलवल पहुंची थी।
सोहना चौक पर ऑटो से उतरकर पैदल ही स्कूल की तरफ जा रही थी कि नगर थाने के समीप एक बोलेरो गाड़ी उसके आगे आकर रुकी। गाड़ी में सवार अल्लीका निवासी प्रवीण व घुघेरा निवासी विवेक ने उसका मुंह बंद कर उसे गाड़ी में डाल लिया। इसके बाद दो युवकों ने उससे बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
यमुना खादर में विधवा के साथ गैंगरेप
नई दिल्ली। न्यू उस्मानपुर में 30 वर्षीय विधवा महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर एक आरोपी शहजाद को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़ित महिला मां व बच्चों के साथ बुराड़ी में रहती है। उसके पति की मौत हो चुकी है। महिला का कहना है कि शहजाद से वह पहले से परिचित है। आय का कोई जरिया न होने के कारण वह नौकरी की तलाश कर रही थी। शहजाद से नौकरी की बात की तो उसने नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया।
मंगलवार को शहजाद नौकरी के बहाने उसे न्यू उस्मानपुर में पुश्ता रोड से यमुना खादर में ले आया। उसी समय वहां दूसरी बाइक से और दो युवक पहुंच गए। तब तक शाम हो चुकी थी। तीनों उसे जबरन जंगल क्षेत्र में ले गए और हत्या की धमकी देकर दुष्कर्म किया। तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। महिला ने मोबाइल फोन से इसकी शिकायत पुलिस नियंत्रण कक्ष में की। पुलिस महिला को जगप्रवेशचंद्र अस्पताल में ले गई। वहां मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हो गई।
जंगल में ले जाकर बच्ची से दुष्कर्म
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। गोविंदपुरी में एक बार फिर से मासूम बच्ची को जंगल में ले जाकर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बच्ची के साथ आरोपी ने दरिंदगी की, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। बच्ची एम्स ट्रामा सेंटर में भर्ती है। यहां उसका ऑपरेशन किया गया है। वारदात सोमवार को हुई। आला अधिकारियों ने आरोपी की पहचान करने व उसके बारे में पता लगाने के लिए चार टीमें बना दी है।
पुलिस के मुताबिक, बच्ची (11) तुगलकाबाद एक्सटेंशन में रहती है। सोमवार को उसकी मां की तबीयत खराब थी। परिजनों ने बच्ची को शाम करीब साढ़े आठ बजे बाजार से दवाई लाने भेजा था। बच्ची जब बाजार गई तो दुकान बंद मिली। वापस घर लौटने के दौरान आरोपी उसे दवा दिलाने की बात कहकर जंगल में लेकर चला गया। वहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।
बेहोश हो जाने पर आरोपी उसे जंगल में छोड़कर फरार हो गया। कुछ घंटे बाद जब बच्ची को होश आया तो वह देर रात घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। इसके बाद परिजनों ने गोविंदपुरी थाने में सूचना दी। पुलिस ने बच्ची को एम्स में भर्ती कराया। पी करुणाकरन, डीसीपी, दक्षिण-पूर्वी जिला ने कहा कि जंगल वाला इलाका होने के कारण आरोपियों को वारदात करने में मदद मिलती है। इसे देखते हुए अब इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है।
चार नाबालिगों से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने हाल ही में गोविंदपुरी में चार नाबालिग को जंगल में ले जाकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी शमशाद (28) को गिरफ्तार किया है। मूलरूप से झरिया, झारखंड निवासी शमशाद गोविंदपुरी में रहता था। वह एक कोरियर कंपनी में नौकरी करता था। उसने मार्च में आठ साल की बच्ची को अगवा कर जंगल में ले जाकर दुष्कर्म किया था। फिर 11 जुलाई को आठ साल की बच्ची गोविंदपुरी से गायब हो गई थी। बाद में बच्ची जगतपुरी, प्रीत विहार में मिली थी।
इसके बाद 23 जुलाई को दस साल की लड़की को अगवा कर जंगल में ले जाकर दुष्कर्म करने के बाद शमशाद ने उसे चांदनी चौक में छोड़ दिया था। इसके बाद 28 अगस्त को बच्ची के साथ जंगल में दुष्कर्म का मामला सामने आया था। एक जैसे चार मामले सामने आने के बाद पुलिस ने छानबीन करके पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से शमशाद को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने चार वारदातों में संलिप्तता की बात कबूली है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।