विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 17, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

नकल माफिया बेदी राम पर लगेगा गैंगस्टर एक्ट

By Edited By:
Published: Thu, 17 Jul 2014 12:39 PM (IST)Updated: Thu, 17 Jul 2014 12:46 PM (IST)

रेलवे तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं का प्रश्नपत्र लीक कराने वाले गिरोह के सरगना व कुख्यात नकल माफिया बेदीराम को स्पेशल ...और पढ़ें

News Article Hero Image

लखनऊ। रेलवे तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं का प्रश्नपत्र लीक कराने वाले गिरोह के सरगना व कुख्यात नकल माफिया बेदीराम को स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने कल लखनऊ में गिरफ्तार कर लिया। उसके ऊपर गैंगस्टर एक्ट लगाने की तैयारी चल रही है। बेदीराम को आज अदालत में पेश किया जायेगा। एसटीएफ का दावा है कि वह मध्य प्रदेश में भी प्रश्नपत्र लीक के मामले में वांछित है। मध्य प्रदेश एसटीएफ की टीम लखनऊ आ गयी है। वह उसे ट्रांजिट रिमांड पर मांगेगी।

एसटीएफ के एएसपी त्रिवेणी सिंह की टीम ने सुबह गोमतीनगर के विक्रांत खंड में रहने वाले बेदीराम (मूल निवासी कुसिया गांव, जौनपुर) को आशियाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। एएसपी बेदीराम और उसके भतीजे दीपक की गतिविधियों के संबंध में अभिसूचना संकलन करने में जुटे थे। शाम पांच बजे तक गिरफ्तारी नहीं दिखायी गई। एसएसपी अमित पाठक ने फिलहाल पूछताछ चलने की बात कही। बाद में देर शाम उसकी गिरफ्तारी दिखाई गयी।

पाठक के मुताबिक 13 जुलाई को रेलवे की लोको पायलट परीक्षा के दौरान लखनऊ के दो केंद्रों से आंसर-की के साथ गिरफ्तार दो अभ्यर्थियों ने पूछताछ में पेपर लीक कर नकल सामग्री बेदीराम और दीपक द्वारा फोन पर उपलब्ध कराने की जानकारी दी थी। एसएसपी ने कहा कि लोको पायलट की परीक्षा के बारे में अभी तक की पूछताछ में बेदीराम से कोई जानकारी नहीं मिली है। अभी बेदीराम के घर की तलाशी नहीं हुई है। उसके पास तलाशी में कोई साक्ष्य मिल सकता है। उन्होंने कहा कि अभी पेपर लीक का दावा नहीं किया जा सकता है। आंसर सीट से पेपर के मिलान नहीं होने के रेलवे भर्ती बोर्ड के दावे का भी उन्होंने कोई खंडन नहीं किया। एसटीएफ के पास पेपर लीक मामले में 16 अभ्यर्थियों से बातचीत का रिकार्ड और दोनों अभ्यर्थियों की गवाही है, लेकिन इसमें बेदीराम की आवाज के बारे में पूछने पर उनका कहना था कि यह गोपनीय है।

लगेगा गैंगस्टर

एसटीएफ जिला पुलिस के सहयोग से बेदीराम और उसके गिरोह पर गैंगस्टर के तहत कार्रवाई करने जा रही है। धंधे में सिर्फ बेदीराम के परिवार के ही पांच लोग शामिल हैं। इस समय सारा दारोमदार उसके भतीजे दीपक पर है। बेदीराम की अवैध ढंग से कब्जा की गयी संपत्तियों को भी जब्त करने की कार्रवाई होगी। उसके लखनऊ के गोमतीनगर में दो और वृंदावन कालोनी व ट्रांसपोर्टनगर में एक-एक मकान है। उसके पास जौनपुर में भी काफी संपत्ति है।

डायरी और लैपटाप खोलेंगे राज

एसटीएफ को बेदीराम की डायरी व लैपटाप की तलाश है। इनमें ही प्रश्नपत्र लीक कराने के धंधे का राज छिपा है। बेदीराम से मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। एसएमएस और कई तथ्य डिलीट कर दिए गए हैं। एसएसपी एसटीएफ ने बताया कि इसकी फोरेंसिक जांच कराई जाएगी।

14 वर्ष से पेपर लीक धंधे में सक्रिय बेदीराम

कभी रेलवे की नौकरी में रहा बेदीराम प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्न पत्र लीक कराने के धंधे में 14 वर्ष से जुड़ा है। उसे रेलवे से बर्खास्त कर दिया गया था। रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड की 2006 की समूह ग की भर्ती परीक्षा, 2008 में लोको पायलट की परीक्षा, 2009 में भोपाल व जयपुर में रेलवे की परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक कराने में बेदीराम को गिरफ्तार किया गया था। छत्तीसगढ़ सीपीएमटी परीक्षा (2012) के मामले में वह जेल गया जबकि मेडिकल प्री परीक्षा का पर्चा लीक कराने में सीबीआइ ने गिरफ्तार कर तिहाड़ भेजा था। एसटीएफ के मुताबिक बेदीराम मध्य प्रदेश के मामलों में भी वांछित चल रहा है। वहां पर मई 2014 में आयुर्वेद मेडिकल परीक्षा होनी थी। प्रश्नपत्र लीक हो गया और परीक्षा निरस्त करनी पड़ी। अभ्यर्थियों ने बेदीराम का नाम लिया। 2013 में मध्यप्रदेश पीसीएस में दो प्रश्नपत्र लीक हुए थे। इसमें तीस जुलाई को इंटरव्यू रोका गया। वर्ष 2006 से अब तक बेदीराम गिरोह के 56 सदस्य और उनके गोरखधंधे में शामिल 368 अभ्यर्थी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इसके बावजूद राजफाश नहीं हो सका है कि गैंग प्रश्नपत्र किस तरह लीक करता है।

पेपर लीक कांड में रेलवे चीफ कंट्रोलर निलंबित

रेलवे, एलआइसी व एमपी पीएससी पेपरों के लीक कांड में फंसे आगरा रेल मंडल के चीफ कंट्रोलर दिनेश कपिल को निलंबित कर दिया है। वह जेल में हैं। वहीं, दिल्ली क्राइम ब्रांच और एसटीएफ ने रेलवे अफसरों से चीफ कंट्रोलर के बारे में और जानकारी मांगी है। उनके मोबाइलों की काल डिटेल भी खंगाली जा रही है। दिल्ली क्राइम ब्रांच ने 16 जून को दिल्ली से आगरा रेल मंडल के चीफ कंट्रोलर दिनेश कपिल, राजीव प्रसाद, विनय डेंडे और संजय कुमार को गिरफ्तार किया था। चारों आरोपियों ने रेलवे और एलआइसी परीक्षा का पेपर लीक किया था, जिस पर अदालत ने आरोपियों को तिहाड़ जेल भेज दिया। भोपाल एसटीएफ ने राजीव और विनय से पूछताछ की, तो कई खुलासे हुए, जिस पर चार जुलाई को चारों आरोपियों को भोपाल की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपियों को एसटीएफ की रिमांड पर दे दिया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी नामचीन इंजीनियरिंग और मेडिकल की कोचिंग व इंस्टीट्यूट पर नजर रखते थे। किसी तरीके से छात्र-छात्राओं के नंबर हासिल कर पेपर का सौदा किया जाता था। इसके बाद डीआरएम आगरा विजय सहगल ने मामले की जानकारी इलाहाबाद मुख्यालय को दी और चीफ कंट्रोलर दिनेश कपिल की फाइल रेलवे बोर्ड के पास भेज दी। चीफ कंट्रोलर को निलंबित कर दिया गया है।

पढ़ें: कुशवाहा की जमानत अर्जी पर सुनवाई से सुप्रीम कोर्ट का इन्कार

पढ़ें: अस्पताल में घोटाला: दवा मात्र 247 रुपये की, भुगतान 1,87,466 रुपये का

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।