विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 17, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पनसारे हत्याकांड में महिला समेत चार और हिरासत में

By Sudhir JhaEdited By:
Published: Thu, 17 Sep 2015 09:34 PM (IST)Updated: Thu, 17 Sep 2015 09:57 PM (IST)

कोल्हापुर के गोविंद पनसारे हत्याकांड में पुलिस ने आज एक महिला समेत चार और लोगों को हिरासत में लिया है। ...और पढ़ें

News Article Hero Image

मुंबई, राज्य ब्यूरो। कोल्हापुर के गोविंद पनसारे हत्याकांड में पुलिस ने आज एक महिला समेत चार और लोगों को हिरासत में लिया है। इस मामले में मंगलवार रात को सनातन संस्था के सदस्य समीर गायकवाड़ की गिरफ्तारी हुई थी।

हिरासत ली गई समीर की 32 वर्षीय महिला मित्र ज्योति कांबले मुंबई के कांजुरमार्ग क्षेत्र में मोबाइल मरम्मत की दुकान चलाती है। उसे पूछताछ के लिए सांगली ले जाया गया है। समीर ने इस महिला से बात करते हुए कई बार पनसारे हत्याकांड का जिक्र किया था। ज्योति भी सनातन संस्था से जुड़ी बताई जाती है। हिरासत में लिए गए तीन और व्यक्तियों से भी समीर की इस संबंध में बात हुआ करती थी। इनमें से दो व्यक्ति सुशील जाधव और श्रीराम जाधव कर्नाटक के हैं।

कालबुर्गी हत्याकांड से जुड़े होने का शक

इन व्यक्तियों के कर्नाटक से होने के कारण पुलिस हाल ही में हुई वहां के कन्नड़ साहित्यकार एमएम कालबुर्गी की हत्या को भी कॉमरेड गोविंद पनसारे की हत्या से जोड़कर देख रही है। कालबुर्गी भी पनसारे की ही तरह हिंदू कट्टरपंथ की प्रखर आलोचना किया करते थे। विगत 30 अगस्त को उनकी हत्या धारवाड़ स्थित उनके घर के बाहर ठीक उसी तरह गोली मारकर कर दी गई थी, जैसे इसी साल 16 फरवरी को पनसारे को उनके घर के पास गोली मारी गई थी। पुलिस उम्मीद कर रही है कि अब तक अनसुलझे पुणे के नरेंद्र दाभोलकर हत्याकांड का भी सुराग गिरफ्तार लोगों से मिल सकता है। कर्नाटक से हिरासत में लिए गए दो लोगों से कालबुर्गी हत्या मामले में पूछताछ के लिए कर्नाटक की पुलिस भी कोल्हापुर पहुंच गई है।

पनसारे हत्याकांड की जांच के लिए बने विशेष जांच दल (एसआईटी) का नेतृत्व कर रहे सीआईडी अधिकारी संजय कुमार वर्मा के अनुसार पनसारे हत्याकांड की जांच के बाद बनवाए गए हत्यारों के रेखाचित्र से समीर गायकवाड़ का चेहरा मिलता था। उसके बाद ही पुलिस ने उसके फोन की निगरानी शुरू की। शुरू में उसने अपनी बातचीत में कुछ लोगों से पानसरे हत्याकांड का जिक्र किया। लेकिन राज्य के विपक्षी दलों द्वारा सनातन संस्था पर प्रतिबंध की मांग उठने के बाद उसने अपनी बातचीत में पनसारे का जिक्र करना बंद कर दिया था।

पढ़ेंः पानसारे पर हमले को लेकर शिवसेना ने भाजपा पर साधा निशाना