यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 10, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दुनिया की सबसे वजनी महिला का मुंबई में हुआ ऑपरेशन
मशहूर बैरियाट्रिक सर्जन मुफज्जल लकड़ावाला के नेतृत्व में बीते मंगलवार को डॉक्टरों की एक टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।

मुंबई, रुपसा चक्रवर्ती (मिड-डे)। दुनिया की सबसे भारी महिला मिस्र की इमान अहमद अब्दुल्ला (36) का यहां सैफी अस्पताल में ऑपरेशन किया गया।
मशहूर बैरियाट्रिक सर्जन मुफज्जल लकड़ावाला के नेतृत्व में बीते मंगलवार को डॉक्टरों की एक टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। उठने-बैठने में असमर्थ मोटापे की शिकार मान को जब पिछले महीने मिस्र से यहां लाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, उनका वजन 500 किलोग्राम था।
गुरुवार को जारी अस्पताल के बुलेटिन में बताया गया कि ऑपरेशन के जरिये डॉक्टरों ने इमान के पेट का 75 फीसद हिस्सा काट के निकाल दिया है। ऑपरेशन के बाद इमान की हालत में सुधार हो रहा है। डॉक्टरों को उम्मीद है कि इस ऑपरेशन के बाद इमान के वजन में काफी कमी आएगी। अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद से ही इमान को लिक्वड डाइट (तरल आहार) दी जा रही थी। जिसके चलते ऑपरेशन से पहले ही उनका वजन 100 किलो से ज्यादा घट गया था और करीब 25 साल बाद वह बिस्तर पर बैठ पाई थीं।