यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 17, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मुजफ्फरनगर के बाजारों में रौनक लौटी
मुजफ्फरनगर में हिंसा के बाद अब पूरी तरह शांति है। बाजारों में फिर से रौनक दिख रही है। मंगलवार को ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में हिंसा के बाद अब पूरी तरह शांति है। बाजारों में फिर से रौनक दिख रही है। मंगलवार को छिटपुट घटनाओं को छोड़कर कहीं कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। मुजफ्फरनगर दौरे पर पहुंचीं उमा भारती को खतौली में रोक लिया गया। जबकि विदेश राज्यमंत्री ई अहमद ने राहत शिविरों का दौरा किया। कर्फ्यू हटने के बाद मंगलवार को सेना की भी वापसी हो गई।
पढ़ें : उमा भारती को मुजफ्फरनगर जाने से रोका गया, पुलिस ने किया गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर के देहात में छिटपुट वारदातें जारी हैं। छपार के गांव सुंदरनगर में चारा लेने गए किसानों को जंगल में घेर लिया गया। किसी तरह जान बचाकर गांव पहुंचे किसानों ने ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने धमकाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। तितावी थानाक्षेत्र के गांव बघरा में तीन अल्पसंख्यक युवकों के साथ मारपीट हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
गाजियाबाद के यूपी गेट पर पुलिस को चकमा देकर भाजपा नेता उमा भारती शामली तक जा पहुंचीं। सूचना मिलने पर पुलिस ने उन्हें खतौली में रोक कर हिरासत में ले लिया। इस दौरान काफी हंगामा हुआ। अंतत: पुलिस ने उमा को आगे नहीं जाने दिया। इस बीच 38 शरणार्थी शिविरों में घर-बार छोड़कर रह 43 हजार लोगों में से ज्यादातर असुरक्षा के शिकार हैं और अब वे वापस घर लौटना नहीं चाहते।
कादिर राना समेत आठ के गिरफ्तारी वारंट जारी
कवाल प्रकरण में शहीद चौक पर धारा 144 लागू होने के बावजूद सभा व भाषणबाजी करने के मामले में कोर्ट ने बसपा सांसद कादिर राना समेत आठ के गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिए हैं। कोतवाली पुलिस ने सोमवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में प्रार्थना पत्र देकर केस के नामजद आरोपी बसपा सांसद कादिर राना, नूर सलीम राना, सईदुज्जमा समेत आठ लोगों के गिरफ्तारी वारंट जारी करने की मांग की थी। कवाल प्रकरण में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर बसपा सांसद कादिर राना के नेतृत्व में अल्पसंख्यक समुदाय के हजारों लोगों ने धारा 144 लागू होने के बावजूद शहीद चौक पर प्रदर्शन किया था। भीड़ ने जमकर नारेबाजी की थी। वस्तुत : इसी प्रदर्शन के बाद बहुसंख्यक वर्ग एकजुट होना शुरू हुआ और तनाव बढ़ा था।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर