विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 22, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

मुख्यमंत्री के समर्थन में आईं अन्नाद्रमुक के दिनाकरन गुट की सांसद

By Manish NegiEdited By:
Published: Fri, 22 Sep 2017 08:27 PM (IST)

मुख्यमंत्री पलानीस्वामी से मुलाकात के बाद वसंथी ने कहा, 'दिनाकरन लगातार कह रहे हैं कि वह द्रमुक का साथ लेकर अम्मा (दिवंगत जयललिता) सरकार को गिरा देंगे।

मुख्यमंत्री के समर्थन में आईं अन्नाद्रमुक के दिनाकरन गुट की सांसद
मुख्यमंत्री के समर्थन में आईं अन्नाद्रमुक के दिनाकरन गुट की सांसद

चेन्नई, प्रेट्र। तमिलनाडु में वीके शशिकला के भतीजे टीटीवी दिनाकरन गुट की एक सांसद एम. वसंथी शुक्रवार को मुख्यमंत्री के. पलानीस्वामी के साथ आ गईं। सत्तारूढ़ अन्नाद्रमुक के लिए यह एक उत्साहवर्धक खबर है। वसंथी ने कहा कि आगामी दिनों में कई ओर लोग दिनाकरन का साथ छोड़ देंगे।

मुख्यमंत्री पलानीस्वामी से मुलाकात के बाद वसंथी ने कहा, 'दिनाकरन लगातार कह रहे हैं कि वह द्रमुक का साथ लेकर अम्मा (दिवंगत जयललिता) सरकार को गिरा देंगे। लेकिन, यह हमें पसंद नहीं। पार्टी के 1.5 करोड़ समर्थक इससे उद्वेलित हैं।' उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री उन कार्यो को पूरा करेंगे जिन्हें जयललिता अधूरा छोड़ गई हैं। साथ ही वे विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को भी जारी रखेंगे। अम्मा ने लोगों के लिए निस्वार्थ भाव से काम किया था, तो इस सरकार को कैसे गिराया जा सकता है। वसंथी ने बताया कि दिनाकरन समर्थक विधायकों को कर्नाटक के कूर्ग स्थित एक रिजॉर्ट में बंधक बनाकर रखा गया है। उन्होंने सवाल किया कि जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों को इस तरह रखा जाना क्या उचित है। बता दें कि दिनाकरन समर्थक 18 विधायकों को विधानसभा अध्यक्ष ने 18 सितंबर को अयोग्य करार दिया था।

पार्टी चुनाव चिह्न बहाल करने की मांग

नई दिल्ली। अन्नाद्रमुक के पलानीस्वामी और पन्नीरसेल्वम गुटों के विलय के बाद अब उन्होंने चुनाव आयोग से पार्टी चुनाव चिह्न 'दो पत्तियों' पर से प्रतिबंध हटाने की मांग की है। आयोग इस मामले पर पांच अक्टूबर को सुनवाई करेगा।

मुख्यमंत्री पलानीस्वामी और उपमुख्यमंत्री पन्नीरसेल्वम द्वारा हस्ताक्षरित पत्र में आयोग से कहा गया है कि विलय के बाद अब संयुक्त पार्टी के नाम पर चुनाव चिह्न बहाल कर दिया जाना चाहिए। पत्र में यह भी जानकारी दी गई है कि पार्टी की जनरल काउंसिल ने इस विलय पर मुहर लगा दी है। साथ ही वीके शशिकला को अंतरिम महासचिव पद से भी हटा दिया है।

यह भी पढ़ें: तमिलनाडु के गवर्नर ने गृहमंत्री राजनाथ सिंह से की मुलाक़ात

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।