विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 16, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

आरक्षण की मांग को लेकर पाटीदार भरेंगे जेल

By Gunateet OjhaEdited By:
Published: Sat, 16 Apr 2016 08:19 PM (GMT+05:30)Updated: Sat, 16 Apr 2016 10:09 PM (GMT+05:30)

आरक्षण की मांग को लेकर पाटीदारों ने रविवार को जेल भरने का एलान किया है। इसे कार्यकारी मजिस्ट्रेट ने देश ...और पढ़ें

News Article Hero Image

राज्य ब्यूरो, अहमदाबाद। आरक्षण की मांग को लेकर पाटीदारों ने रविवार को जेल भरने का एलान किया है। इसे कार्यकारी मजिस्ट्रेट ने देश विरोधी घोषित कर दिया है। उनका कहना है कि पाटीदारों ने इसकी मंजूरी नहीं ली है। हालांकि पाटीदार हर हाल में जेल जाने पर अड़े हुए हैं।

पाटीदार आरक्षण आंदोलन समिति (पास) और सरदार पटेल ग्रुप (एसपीजी) ने आरक्षण की मांग तथा राजद्रोह के आरोप में जेल में बंद पाटीदार नेता हार्दिक पटेल व अन्य को छुड़ाने के लिए रविवार को मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल के गृह जिले मेहसाणा में जेल भरने का ऐलान कर रखा है। इसके लिए इंटरनेट और सोशल मीडिया के माध्यम से हजारों पंजीकरण भी किए गए हैं।

लेकिन शनिवार को स्थानीय जिला प्रशासन ने आंदोलन को देश विरोधी करार देते हुए इससे दूर रहने की सलाह दी। कार्यकारी मजिस्ट्रेट कार्यालय से जारी आदेश में कहा गया कि जेल भरो आंदोलन की प्रशासन से मंजूरी नहीं ली गई है। इसके अलावा यह भी नहीं बताया गया है कि पाटीदार कहां एकत्र होने वाले हैं। प्रशासन की मंजूरी के बिना हो रहे कार्यक्रम में किसी भी घटना के लिए 'पास और 'एसपीजी जिम्मेदार होगी। मंजूरी नहीं देने के प्रशासन ने दस कारण भी गिनाए हैं। साथ ही मेहसाणा में धारा 144 लागू कर दी गई है।

उधर, पाटीदार भी जेल भरने पर अड़े हैं। करीब एक लाख पाटीदारों के इसमें शामिल होने की चर्चा है। मेहसाणा में खाने-पीने की सामग्री ट्रकों से रैली स्थल पर पहुंचाई जा रही है। 'एसपीजी के प्रमुख लालजी पटेल का कहना है कि प्रशासन मंजूरी दे या न दे, पाटीदार गिरफ्तारी देंगे। पुलिस नहीं पकड़ेगी तो युवक सीधे जाकर जेल भरेंगे। पाटीदार युवक पूर्विन पटेल ने कहा कि नौ माह से आंदोलन चल रहा है, सरकार को सब पता है फिर भी मामले को लटकाया जा रहा है।

बता दें कि सोमवार को सरकार के पांच आला मंत्रियों का समूह 'पास और 'एसपीजी नेताओं से चर्चा कर आरक्षण आंदोलन पर सहमति बनाने का प्रयास करेगा। पाटीदार अपने शक्ति प्रदर्शन पर उतारू हैं, तो सरकार समझा-बुझा कर उनका गुस्सा शांत करने का प्रयास कर रही है।

''जेल भरो आंदोलन सफल होगा''

'सरकार के साथ समझौता वार्ता के सकारात्मक परिणाम आने की आशा है, जेल भरो आंदोलन सफल होगा। जेल से बाहर आना महत्व की बात नहीं है, बल्कि अहम यह है कि पाटीदार समाज को आरक्षण का अधिकार मिले।'
- हार्दिक पटेल, पाटीदार नेता, संयोजक

यह भी पढ़ेंः हंदवाड़ा केस में छात्रा की मां ने कहा- पुलिस के दबाव में बना बयान वाला वीडियो