विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 03, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दिलचस्प होगा दिल्ली का सियासी घमासान

By Edited By:
Published: Mon, 03 Mar 2014 08:21 AM (IST)Updated: Mon, 03 Mar 2014 10:13 AM (IST)

सूबे की सात संसदीय सीटों के लिए होने वाला चुनावी घमासान बेहद दिलचस्प होने के आसार हैं। चर्चित चेहरों के चुनाव मैदान में उतरने से राजधानी का सियासी पारा बढ़ने लगा है। आम आदमी पार्टी (आप) ने इसकी पहल कर दी है। महात्मा गांधी के पौत्र राजमोहन गांधी, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के प्रोफेसर आनंद कुमार, पत्रक

News Article Hero Image

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। सूबे की सात संसदीय सीटों के लिए होने वाला चुनावी घमासान बेहद दिलचस्प होने के आसार हैं। चर्चित चेहरों के चुनाव मैदान में उतरने से राजधानी का सियासी पारा बढ़ने लगा है। आम आदमी पार्टी (आप) ने इसकी पहल कर दी है।

महात्मा गांधी के पौत्र राजमोहन गांधी, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के प्रोफेसर आनंद कुमार, पत्रकार आशुतोष सहित कई नामचीन चेहरों को पार्टी ने दिल्ली के दंगल में उतारा है। उधर, कांग्रेस की ओर से भी पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन की उम्मीदवारी तय हो चुकी है। केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल और पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के सांसद पुत्र संदीप दीक्षित का भी चुनावी अखाड़े में उतरना करीब-करीब तय माना जा रहा है। भाजपा ने अपने पत्ते अभी नहीं खोले हैं लेकिन जिन नामों की चर्चा है, उन्हें देखते हुए माना जा रहा है कि दिल्ली में इस बार हाईप्रोफाइल सियासी भिड़ंत देखने को मिलेगी।

राजधानी दिल्ली से संसद भवन तक का सफर करने वालों की फेहरिस्त में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी तथा गुजरे जमाने के सुपर स्टार रहे राजेश खन्ना सरीखी नामचीन हस्तियों के नाम शामिल हैं। प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह भी दक्षिण दिल्ली संसदीय सीट से अपनी चुनावी किस्मत आजमा चुके हैं। यह और बात है कि उन्हें पराजय का सामना करना पड़ा था।

सियासी जानकारों का कहना है कि यदि पूर्वी दिल्ली में आप के उम्मीदवार राजमोहन गांधी के सामने कांग्रेस के संदीप दीक्षित और भाजपा के भी कोई दमदार प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरते हैं तो यमुनापार में चुनावी लड़ाई कांटे की होगी। माना जा रहा है कि इस संसदीय सीट की 10 में से पांच सीटों पर विधानसभा चुनाव में जीत का परचम लहराने वाली अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आप भाजपा व कांग्रेस के समक्ष तगड़ी चुनौती पेश करेगी।

पढ़ें: दिल्ली में त्रिकोणीय मुकाबले के आसार

उत्तर-पूर्वी सीट पर पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व स्थानीय सासंद जयप्रकाश अग्रवाल के सामने भी आप ने प्रो. आनंद कुमार को उतार कर मजबूत टक्कर देने के संकेत दिए हैं। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि भाजपा मुस्लिम बहुल इस सीट पर किसे अपना प्रत्याशी बनाती है। चांदनी चौक से एक बार फिर केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल के कांग्रेस उम्मीदवार बनाए जाने के आसार हैं। पत्रकार आशुतोष यहां से आप के उम्मीदवार घोषित किए जा चुके हैं।

नई दिल्ली से लड़ेंगी किरण वेदी!

नई दिल्ली सीट पर बेहद दिलचस्प लड़ाई होने के आसार हैं। सियासी गलियारों में इस बात की चर्चा जोरों पर है कि भाजपा यहां से देश की पहली महिला आइपीएस अधिकारी किरण बेदी को टिकट दे सकती है। यदि ऐसा हुआ तो यहां का चुनाव बेहद रोचक होगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।