विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 25, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

भाजपा का ताकत के साथ एका का संदेश

By Edited By:
Published: Wed, 25 Sep 2013 04:29 AM (IST)Updated: Thu, 26 Sep 2013 06:56 AM (IST)

वंदे मातरम की गूंज बुधवार को भोपाल में भी हुई। नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनने के बाद भाजपा का यह सबसे बड़ा 'पब्लिक शो' रहा। करीब पांच लाख लोगों की भीड़ के सामने भाजपा का शीर्ष नेतृत्व एक मंच पर था। मंच पर मौजूद लालकृष्ण आडवाणी शुरू में तो थोड़े खिंचे-खिंचे नजर आए लेकिन बाद में उन्होंने न केवल अच्छे भाषण के लिए मोदी की ओर हाथ बढ़ाकर उन्हें बधाई दी बल्कि मजबूती से साथ खड़े होने का एहसास दिलाते हुए गुजरात के मुख्यमंत्री संग हाथ ऊपर करके एकता का संदेश

News Article Hero Image

भोपाल [जागरण न्यूज नेटवर्क]। वंदे मातरम की गूंज बुधवार को भोपाल में भी हुई। नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनने के बाद भाजपा का यह सबसे बड़ा 'पब्लिक शो' रहा। करीब पांच लाख लोगों की भीड़ के सामने भाजपा का शीर्ष नेतृत्व एक मंच पर था। मंच पर मौजूद लालकृष्ण आडवाणी शुरू में तो थोड़े खिंचे-खिंचे नजर आए लेकिन बाद में उन्होंने न केवल अच्छे भाषण के लिए मोदी की ओर हाथ बढ़ाकर उन्हें बधाई दी बल्कि मजबूती से साथ खड़े होने का एहसास दिलाते हुए गुजरात के मुख्यमंत्री संग हाथ ऊपर करके एकता का संदेश भी दिया।

पढ़ें: बुरकों पर कांग्रेस-भाजपा में तकरार

मध्य प्रदेश में आसन्न चुनाव के मद्देनजर पार्टी अपनी लोकप्रियता और एकजुटता का संदेश सार्वजनिक करने में कामयाब रही। कार्यकर्ताओं के जनसमूह के समक्ष मोदी ने शिवराज सिंह चौहान के साथ केंद्र पर करारे प्रहार किए और एक बार फिर कांग्रेस मुक्त भारत का नारा बुलंद किया।

आपातकाल का हश्र न भूले कांग्रेस

कांग्रेस नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर सीबीआइ के दुरुपयोग का आरोप जड़ते हुए मोदी ने कहा, ऐसा लग रहा है कि आगामी लोकसभा चुनाव कांग्रेस नहीं बल्कि सीबीआइ लड़ेगी। लेकिन कांग्रेस को आपातकाल के बाद की स्थिति को भी याद रखना चाहिए तब देश की जनता ने कांग्रेस से चुन-चुनकर बदला लिया था। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर से ही कांग्रेस को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। महात्मा गांधी का उल्लेख करते हुए कहा कि वह कांग्रेस का खात्मा चाहते थे, भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्रपिता का सपना पूरा करें। शिवराज सिंह सरकार की तारीफ करते हुए मोदी ने कहा भाजपा के पक्ष में देश भर में हवा बह रही है। मप्र, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के विधानसभा चुनाव में भाजपा का जीतना तय है लेकिन इसके लिए कार्यकर्ताओं को पक्ष में बह रही इस हवा को मतपेटिकाओं तक पहुंचाना होगा। मप्र की जनता को आगाह करते हुए मोदी ने कहा कि अगर कहीं चूक रह गई तो दस साल से सत्ता की भूखी कांग्रेस उसका क्या हाल करेगी, इसकी कल्पना कांग्रेस सत्ताकाल को याद करके की जा सकती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार भाजपा नेतृत्व वाले राज्यों से भेदभाव का व्यवहार करती है, उनकी योजनाओं में अड़ंगा लगाती है। बावजूद इसके भाजपा और राजग की सभी सरकारों ने अपने प्रदेश में विकास के नए प्रतिमान स्थापित किए हैं।

भाजपा सरकारों ने किया शानदार काम : आडवाणी

वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी ने गांवों तक बिजली पहुंचाने के लिए मोदी, शिवराज और रमन सिंह सरकार की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि गुजरात, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकारों ने शानदार काम किया है। जनता उन्हें सपनों को पूरा करने का फिर से मौका दे।

दम है तो वाड्रा के यहां सीबीआइ छापा मारे

मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस राज में हुए भ्रष्टाचार का उल्लेख करते हुए ए से लेकर जेड तक के शब्दों से शुरू होने वाले भ्रष्टाचार के मामलों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि विरोधी दलों के लोगों को फंसाने के लिए सीबीआइ का इस्तेमाल करने वाले केंद्र में अगर दम है तो वह सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा के यहां भी छापा पड़वाए, जिनको सत्ता का गलत तरीके से फायदा पहुंचाया गया। शिवराज ने कहा, जल्द ही कांग्रेस की पाप की लंका जलकर खाक हो जाएगी।

झलकियां..

अंतिम जीरो 10 जनपथ तक

नरेंद्र मोदी ने संप्रग सरकार में हुए घोटालों पर भी तंज कसे। उन्होंने कहा कि इन घोटालों में हजम किए गए रुपयों को अगर आंकड़ों में पेश किया जाए तो भोपाल से एक लिखना शुरू करें तो अंतिम जीरो दस जनपथ तक पहुंच जाएगा।

गिनीज बुक की टीम भी पहुंची

दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक समागम के दावे को परखने के लिए गिनीज बुक ऑफ व‌र्ल्ड रिकार्ड के अधिकारी भी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। दोपहर सवा एक बजे के लगभग इन अधिकारियों ने तीन लाख से ज्यादा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी की पुष्टि की। वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता नंदकुमार सिंह चौहान ने दावा किया कि कार्यक्रम में सात लाख 71 हजार से ज्यादा कार्यकर्ता मौजूद हैं।

गडकरी नदारद

भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी चित्रकूट में होने के बावजूद कार्यक्रम में नहीं आए। सूत्रों का दावा है कि उन्होंने इसका कारण हेलीकॉप्टर की व्यवस्था न हो पाना बताया है।

उमा ने जाहिर की पीड़ा

वरिष्ठ भाजपा नेता उमा भारती ने इशारों-इशारों में अपनी पीड़ा भी जाहिर की। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में आने का निमंत्रण उन्हें मात्र तीन दिनों पहले दिया गया। कार्यकर्ताओं के माध्यम से उन्होंने यह भी कह दिया कि होर्डिग्स में उनके फोटो नहीं लगे हैं।

नारेबाजी से नाराज हुए शिवराज

वेंकैया नायडू और मुरली मनोहर जोशी के भाषण के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ता कभी शिवराज सिंह चौहान तो कभी नरेंद्र मोदी के नारे लगाते रहे। मुख्यमंत्री को चार-पांच बार माइक संभालकर उन्हें अनुशासन में रहने की हिदायत देनी पड़ी। बावजूद इसके कार्यकर्ता लगातार मोदी को सुनने के लिए शोर मचाते रहे।

राघवजी ने भी सुना मोदी को

नौकर के यौनशोषण मामले में फंसे मध्य प्रदेश के पूर्व वित्त मंत्री राघवजी भी अपने तीन-चार समर्थकों के साथ कार्यक्रम में पहुंचे। राघवजी ने बताया कि उन्हें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने निमंत्रण दिया था। कहा कि पार्टी मुझे अपना माने या न माने, उन्हें इसका कोई अफसोस नहीं है। वह जो जनता के बीच सिर्फ मोदी को सुनने आए हैं।

मुख्यमंत्री के पिता को रोका

भाजपा के कई दिग्गजों को प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना भी करना पड़ा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पिता प्रेम सिंह चौहान के अलावा पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल व राज्यसभा सदस्य कप्तान सिंह सोलंकी को पुलिस ने रोक लिया। वहीं वीआइपी गेट से ग्वालियर की महापौर समीक्षा गुप्ता को भी पुलिस ने लौटा दिया।

जेड प्लस सुरक्षा में सेंध

लगभग आधा दर्जन जेड प्लस सुरक्षा वाले नेताओं की मौजूदगी में भी सुरक्षा व्यवस्था में कई खामियां नजर आई। जबलपुर के एक युवक संजय रावत को पुलिस ने रिवॉल्वर सहित गिरफ्तार किया। रावत सारे सुरक्षा द्वार पार करते हुए मंच के नजदीक तक पहुंच गया था।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर बल प्रयोग

मोदी का विरोध कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। ये लोग नेताओं को काले झंडे दिखाने की कोशिश कर रहे थे।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।