यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 04, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
आतंकियों और अलगाववादियों की मिलीभगत के मिले सुबूत: जितेंद्र सिंह
राष्ट्रीय जांच एजेंसी को कश्मीर के अलगाववादी नेताओं और आतंकियों की मिलीभगत के ठोस सुबूत मिले हैं।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। राष्ट्रीय जांच एजेंसी को कश्मीर के अलगाववादी नेताओं और आतंकियों की मिलीभगत के ठोस सुबूत मिले हैं। अब तक अलगाववादी नेता खुद को आतंकी गतिविधियों से दूर दिखाने का प्रयास करते थे। लेकिन, अलगाववादी नेताओं के ठिकानों पर मारे गए छापे के दौरान एनआइए को बड़ी संख्या में हिजबुल मुजाहिदीन और लश्करे तैयबा के लेटर हेड मिले हैं। इसके आधार पर इन अलगाववादी नेताओं के खिलाफ आतंकरोधी कानून के तहत कार्रवाई हो सकती है। आतंकी फंडिंग का पता लगाने के लिए एनआइए ने शनिवार को कश्मीर, दिल्ली और हरियाणा में 26 जगहों पर छापा मारा।
एनआइए के उच्चपदस्थ सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के दौरान 1.15 करोड़ रुपये नकद, करोड़ों की चल-अचल संपत्ति से संबंधित दस्तावेज के अलावा लश्कर और हिजबुल मुजाहिदीन के लेटर हेड, पेन ड्राइव और लैपटॉप जब्त किए गए हैं। छापेमारी के दौरान आतंकी फंडिंग के नए स्त्रोतों का पता चला और बाद में उन जगहों पर भी छानबीन शुरू कर दी गई। एनआइए ने घाटी में पाक से होने वाली आतंकी फंडिंग पर एक स्टिंग ऑपरेशन के आधार पर प्रारंभिक जांच का केस दर्ज किया था। जांच में आतंकी फंडिंग के सुबूत मिलने के बाद एफआइआर दर्ज कर छापा मारा। एनआइए के निशाने पर पाक से हुर्रियत नेताओं को फंड लाने में मदद करने वाले हवाला आपरेटर और तीन अलगाववादियों के ठिकाने भी शामिल हैं। जिन हुर्रियत नेताओं के यहां छापे मारे गए, उनमें नईम खान, बिट्टा कराटे और जावेद गाजी बाबा शामिल हैं। इन नेताओं से पहले श्रीनगर और बाद में दिल्ली में जांच एजेंसी ने पूछताछ की थी। जांच एजेंसी ने सोनीपत के कुंडली स्थित एक वेयर हाउस में भी छापेमारी की।
इस तरह होती है आतंकी फंडिंग
राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने पाकिस्तान से होने वाले आतंकी फंडिंग के रास्ते की पहचान कर ली है।
पैसा पाकिस्तान से सऊदी अरब और उसके बाद बांग्लादेश, श्रीलंका के रास्ते दिल्ली तक आता है।
पाकिस्तान से लेकर दिल्ली तक आतंकी फंडिंग का काम इन देशों के हवाला ऑपरेटरों के जरिये होता है।
इसके बाद दिल्ली और हरियाणा के व्यापारियों की मदद से पैसा कश्मीर में अलगाववादियों तक पहुंचाया जाता है।
इन व्यापारियों और हवाला ऑपरेटरों की पहचान हो चुकी है। इस मामले में कई गिरफ्तारियां हो सकती हैं।