विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 03, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

अब चलेंगी सुविधा ट्रेनें,मिलेंगे सिर्फ कंफर्म व आरएसी टिकट

By Sumit KumarEdited By:
Published: Wed, 03 Jun 2015 12:42 AM (IST)Updated: Wed, 03 Jun 2015 12:43 PM (IST)

रेलवे ने पांच तरह के किरायों वाली तीन किस्म की सुविधा ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। इन्हें गर्मियों, प्रमुख ...और पढ़ें

News Article Hero Image

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। रेलवे ने पांच तरह के किरायों वाली तीन किस्म की सुविधा ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। इन्हें गर्मियों, प्रमुख त्योहारों व विशेष मांग के दिनों में उन रूटों पर चलाया जाएगा, जिन पर प्रीमियम ट्रेनें कम से कम 80 फीसद भरी रहती हैं।

इन ट्रेनों के लिए केवल कन्फर्म व आरएसी टिकट ही जारी किए जाएंगे और वेटिंग टिकट का कोई प्रावधान नहीं होगा। इनमें यात्रा तिथि से 30 दिन पहले से लेकर 10 दिन पहले तक आरक्षण कराया जा सकेगा।

रेलवे बोर्ड ने मंगलवार को सुविधा ट्रेनों की किस्मों के साथ ही आरक्षण पैटर्न व किराया निर्धारण के नियम भी जारी कर दिए हैं। इनके मुताबिक सुविधा ट्रेनों के किराये तत्काल शुल्क के साथ राजधानी, दूरंतो, मेल एक्सप्रेस या शताब्दी ट्रेनों के बेस किराये के आधार पर तय होंगे। पूर्णत: वातानुकूलित व दूरंतो सुविधा ट्रेनों में कैटरिंग सुविधा अनिवार्य, जबकि बाकी में वैकल्पिक और वह भी केवल दिन में उपलब्ध होगी।

तीन तरह की गाडि़यां :

पूरी तरह वातानुकूलित सुविधा ट्रेन : इनका किराया तत्काल शुल्क के साथ राजधानी ट्रेनों के आधारभूत (बेस) किराये को जोड़कर तय होगा।

मिश्रित सुविधा ट्रेनें : तत्काल शुल्क व दूरंतो ट्रेनों का बेस किराया।

मिश्रित मेल/एक्सप्रेस सुविधा ट्रेनें : तत्काल शुल्क व मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों का बेस किराया।

-- इनके अलावा जोन महाप्रबंधक चाहें तो शताब्दी/डबल डेकर सुविधा ट्रेनें भी चला सकते हैं।

-- इनका किराया शताब्दी/डबल डेकर ट्रेनों के बेस फेयर में तत्काल शुल्क मिलाकर तय होगा।

पांच तरह का किराया :
-- इन गाडि़यों में न्यूनतम से लेकर अधिकतम को मिलाकर किराये के कुल पांच स्तर होंगे।

-- एसी और गैर एसी दोनों श्रेणियों में हर 20 फीसद बुकिंग के बाद किराये की दर बढ़ती जाएगी।

-- पहली 20 फीसद बर्थ की बुकिंग का किराया बेस फेयर व तत्काल शुल्क होगा।

-- 20 से 40 फीसद बर्थ की बुकिंग इससे डेढ़ गुने दर पर की जाएगी।

-- 40 से 60 फीसद बर्थ की बुकिंग दो गुने दर पर की जाएगी।

-- 60 से 80 फीसद बर्थ की बुकिंग ढाई गुने दर पर होगी।

-- 80 से 100 फीसद बुकिंग तीन गुने दर पर की जाएगी।

-- आरक्षण शुल्क, कैटरिंग चार्ज, सुपरफास्ट चार्ज, सर्विस टैक्स आदि अलग से लगेंगे।

टिकट रद कराने का नियम :
टिकट कैंसिल कराने पर न्यूनतम कैंसिलेशन चार्ज काटने के बाद 50 फीसद किराया रिफंड के रूप में प्राप्त करने की सुविधा होगी। सेकंड एसी के लिए 100 रुपये, थर्ड एसी/3 इकोनामी /चेयरकार के लिए 90 रुपये तथा स्लीपर क्लास के लिए 60 रुपये कैंसिलेशन चार्ज वसूला जाएगा।

कैंसिलेशन ट्रेन के प्रस्थान समय से छह घंटे पहले तक कराया जा सकेगा। पीआरएस काउंटर टिकट के मामले में काउंटर से, जबकि ई-टिकट के मामले में संबंधित कामर्शियल मैनेजर को टीटीई से प्राप्त टिकट जमा रसीद (टीडीआर) भेजकर रिफंड प्राप्त करना संभव होगा। जोनल महाप्रबंधकों को इसी अवधि के भीतर अग्रिम आरक्षण की अवधि तय करने का अधिकार होगा।

यह भी पढ़ें - एक अपशब्द ने रोक दी डेढ़ सौ ट्रेनों की रफ्तार

यह भी पढ़ें - गतिमान एक्सप्रेस की गति अभी लक्ष्य से दूर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।