यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 29, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कोल्डड्रिंक के लिए भिड़े चालक, डेढ़ घंटे खड़ी रही बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस
इससे दिल्ली-हावड़ा रूट करीब डेढ़ घंटे तक बाधित रहा। राजधानी समेत दर्जन भर ट्रेनें जहां-तहां खड़ी हो गई।

कानपुर, जेएनएन। कोल्ड ड्रिंक के विवाद में बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के चालक और सहचालक आपस में भिड़ गए। झींझक से पहले मेन लाइन पर ट्रेन रोक दी। इससे दिल्ली-हावड़ा रूट करीब डेढ़ घंटे तक बाधित रहा। राजधानी समेत दर्जन भर ट्रेनें जहां-तहां खड़ी हो गई।
कंट्रोल रूम सूचना पहुंचते ही हड़कंप मच गया। कानपुर सेंट्रल से लोको इंस्पेक्टर को भेजा गया, उसने ट्रैक पर खड़ी ट्रेन को मेन लाइन से हटाकर लूप लाइन में खड़ा किया। इसके बाद ट्रैक क्लियर हो सका। इलाहाबाद मुख्यालय ने दोनों चालकों को निलंबित कर जांच बैठा दी है। बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (12566) को मुख्य चालक गोरखनाथ सरोज और सह चालक अखिलेश कुमार गुरवार शाम नई दिल्ली से दरभंगा ले जा रहे थे।
रास्ते में पीने के लिए अखिलेश कुमार ने कोल्ड ड्रिंक रखी थी। झींझक के पास गोरखनाथ ने कोल्ड ड्रिंक पी ली। बस इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद दोनों ने झींझक के पास ही इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन मेनलाइन पर रोक दी। यहां ट्रेन गुरवार शाम करीब 7.55 बजे से 9.30 बजे तक मेन लाइन पर खड़ी रही। ट्रेन के रुकते ही दिल्ली-हावड़ा रूट बाधित होने से दूरंतो, भुवनेश्वर राजधानी, पटना राजधानी, सियालदह और हावड़ा राजधानी समेत दर्जन भर ट्रेनें लेट हो गई।
रात 8.15 बजे कानपुर सेंट्रल पर बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस को देर रात लाया गया। शुक्रवार को दोनों चालकों को मुख्यालय तलब कर उनके बयान लिए गए। उत्तर मध्य रेलवे के सीपीआरओ बिजय कुमार के मुताबिक चालकों के बीच किसी बात पर विवाद हो गया था। जिसके बाद उन्होंने ट्रेन को मेन लाइन पर खड़ा कर दिया था। इसके लिए दोनों को निलंबित कर दिया गया है। जांच बैठा दी गई है।
