यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 05, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
रक्षामंत्री मनोहर पर्रीकर ने कहा- चीन ने भारतीय क्षेत्र में कोई सड़क नहीं बनवाई
रक्षामंत्री मनोहर पर्रीकर ने लोकसभा में बताया कि चीन ने भारतीय सीमा में कोई सड़क का निर्माण नहीं कराया है।

नई दिल्ली, प्रेट्र: लोकसभा में शुक्रवार को जानकारी दी गई कि चीन ने भारतीय सीमा क्षेत्र में किसी सड़क का निर्माण नहीं कराया। प्रश्नकाल में अनुपूरक सवाल के जवाब में रक्षा मंत्री मनोहर पार्रीकर ने बताया कि पिछले दो साल के दौरान पड़ोसी द्वारा हमारे क्षेत्र में सड़क बनाए जाने की कोई सूचना नहीं है।
भारत-चीन सीमा पर 73 सड़कों की पहचान रणनीति मार्गो के रूप में की गई जिनमें से 61 को नए मापदंडों के अनुसार बनाने के लिए सीमा सड़क संगठन को सौंपा गया है। इनमें से 22 सड़कों का निर्माण हो चुका। पांच को इस वर्ष के अंत तक बना दिया जाएगा। 2017 में आठ, 2018 में 12, 2019 में आठ तथा 2020 में पांच सड़कों का निर्माण होगा।
ये भी पढ़ें- रक्षा मंत्री के आमिर पर बयान को लेकर राज्यसभा में हंगामा
रक्षा मंत्री ने सीमावर्ती इलाकों में सड़क परियोजनाएं देरी से पूरी होने के पीछे कई कारण गिनाए। उन्होंने कहा कि वन और वन्य जीवों को हटाने में कठिनाई , कठोर चट्टानें, कार्य के लिए सीमित अनुकूल मौसम, निर्माण सामग्री की उपलब्धता में दिक्कत तथा भूमि अधिग्रहण में देरी से सड़क निर्माण कार्य में देरी हो रही है।
