यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 09, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
आइबी अफसरों पर मुकदमे की मंजूरी मांगेगी सीबीआइ
इशरत जहां फर्जी मुठभेड़ मामले की जांच कर रही सीबीआइ खुफिया ब्यूरो के चार अफसरों के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए सरकार से अनुमति मांगेगी। इनमें आइबी के पूर्व विशेष निदेशक राजेंद्र कुमार का नाम भी शामिल है। सीबीआइ ने यह भी कहा है कि राजेंद्र कुमार की खुराफात के चलते ही इशरत जहां को गृह मंत्रालय के

नई दिल्ली। इशरत जहां फर्जी मुठभेड़ मामले की जांच कर रही सीबीआइ खुफिया ब्यूरो के चार अफसरों के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए सरकार से अनुमति मांगेगी। इनमें आइबी के पूर्व विशेष निदेशक राजेंद्र कुमार का नाम भी शामिल है। सीबीआइ ने यह भी कहा है कि राजेंद्र कुमार की खुराफात के चलते ही इशरत जहां को गृह मंत्रालय के हलफनामे में आतंकी बताया गया था।
पढ़ें: इशरत मुठभेड़ में अमित शाह को क्लीन चिट
सीबीआइ निदेशक रंजीत सिन्हा ने बताया, 'मामले में अटॉर्नी जनरल जीई वाहनवती की राय मिल गई है। अब आइबी अफसरों के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए गृह मंत्रालय से अनुमति मांगी जाएगी।' शुक्रवार को दी राय में वाहनवती ने सुझाव दिया था कि आइबी अफसरों के खिलाफ मुकदमा चलाने से पहले सीबीआइ को सरकार की मंजूरी की जरूरत होगी। हालांकि, आरोपपत्र दाखिल करते समय मंजूरी नहीं लेने से मामले पर कोई असर नहीं पड़ेगा। सिन्हा ने बताया, 'मामले पर मेरे और अभियोजन निदेशक के बीच दो राय थी। लिहाजा, मामले पर अटॉर्नी जनरल की राय मांगी गई थी।' अब गृह मंत्रालय से सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी और कार्यरत अधीनस्थों के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए मंजूरी मांगी जाएगी। अहमदाबाद की विशेष अदालत में सीबीआइ ने गुरुवार को राजेंद्र कुमार, पी. मित्तल, एमके सिन्हा और राजीव वानखेड़े के खिलाफ एक आरोपपत्र दाखिल किया था। इसमें राजेंद्र कुमार पर अपराधिक षड्यंत्र और हत्या का आरोप लगाया गया है। बाकी तीन पर अपराधिक षड्यंत्र, अपहरण और तथ्यों से छेड़छाड़ का मामला बनाया गया है।
सीबीआइ ने कहा है कि राजेंद्र कुमार ने मुठभेड़ को जायज ठहराने के लिए गृह मंत्रालय को ऐसे सुबूत दिए, जिससे यह साबित हो सके कि इशरत और उसके तीन साथी आतंकी थे। गृह मंत्रालय में तत्कालीन अवर सचिव आरवीएस मणि ने गुजरात हाई कोर्ट में दो महीने के भीतर दो हलफनामे दाखिल किए। दोनों ही हलफनामे मुठभेड़ को लेकर विरोधाभासी थे। हाई कोर्ट में 6 अगस्त, 2009 को दाखिल हलफनामा राजेंद्र कुमार की नजर से तैयार किया गया था, जिसमें इशरत को आतंकी बताया गया था। वहीं, 30 सितंबर, 2009 को दाखिल हलफनामे में मणि ने कहा था कि इशरत को आतंकी साबित करने के लिए कोई ठोस सुबूत उपलब्ध नहीं है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर