यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 10, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गर्मी के तेवर तल्ख, 24 की मौत
गर्मी अपने चरम पर है। देश के उत्तरी हिस्से में चल रही लू से जीना मुहाल हो गया है। पिछले ...और पढ़ें

नई दिल्ली [जागरण न्यूज नेटवर्क]। गर्मी अपने चरम पर है। देश के उत्तरी हिस्से में चल रही लू से जीना मुहाल हो गया है। पिछले कई दिनों की तरह मंगलवार को भी अनेक शहरों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। उत्तर प्रदेश के बांदा और पंजाब के फरीदकोट में तो तापमान 48 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। भीषण गर्मी न झेल पाने से 24 लोगों की मौत की सूचना है। पहाड़ी राज्यों में भी मन को चैन नहीं मिल रहा है। मौसम का ये रुख अभी बरकरार रहेगा। झारखंड में आधे घंटे बारिश होने से उमस से राहत महसूस की गई।
उत्तर प्रदेश और दिल्ली में हो रही भारी बिजली कटौती कोढ़ में खाज का काम कर रही है। पंखे-कूलर न चल पाने से लोगों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली में तापमान 45.2 डिग्री रहा। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबादी होने से तापमान में थोड़ी गिरावट आई पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गर्मी ने कोई मुरव्वत नहीं की। 12 जून तक यही स्थिति रहने की संभावना है। इलाहाबाद में पारा 47.2 तो लखनऊ में 44.8 डिग्री सेल्सियस रहा। अलग-अलग जिलों में 14 लोगों की मौत हो गई है। पंजाब में फरीदकोट सबसे गर्म रहा। पठानकोट में डेढ़ वर्षीय बच्ची और अमृतसर में एक व्यक्ति की मौत हो गई। हरियाणा के भिवानी और सोनीपत में भी तापमान 48 डिग्री तक पहुंच गया। राज्य में गर्मी से पांच लोगों की मौत हो गई। राजस्थान के अधिकांश जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर है। यहां भी दो की जान चली गई।
हिमाचल प्रदेश में इस साल गर्मी ने बीस सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। बिलासपुर जिले के बरठीं में अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री रिकार्ड किया गया। मंगलवार साल का सबसे गर्म दिन रहा। मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि जून के दूसरे सप्ताह तक बारिश होने के कोई आसार नहीं है। जम्मू-कश्मीर में भी झुलसा देने वाली गर्मी ने इस सीजन में सर्वाधिक तापमान का रिकॉर्ड बना दिया। जम्मू में पारा 44.5 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। एक व्यक्ति की मौत हो गई। श्रीनगर में भी अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
