विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 01, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दिल्ली में उपचुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा

By anand rajEdited By:
Published: Sat, 01 Nov 2014 08:03 AM (IST)Updated: Sat, 01 Nov 2014 08:15 AM (IST)

सरकार के गठन को लेकर जारी कयासों के बीच भाजपा ने उपचुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। शुक्रवार को ...और पढ़ें

News Article Hero Image

नई दिल्ली (राज्य ब्यूरो)। सरकार के गठन को लेकर जारी कयासों के बीच भाजपा ने उपचुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। शुक्रवार को उपचुनाव वाले तीनों विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। वहीं, शनिवार को प्रदेश भाजपा चुनाव समिति की बैठक होगी, जिसमें संभावित उम्मीदवारों के नाम तय कर केंद्रीय चुनाव समिति को भेजे जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि तुगलकाबाद, महरौली और कृष्णा नगर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए 25 नवंबर को मतदान होना है। चुनावी रणनीति तैयार करने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने तीनों क्षेत्रों में शुक्रवार को बैठक की। इनमें प्रदेश प्रभारी प्रभात झा, प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय, प्रदेश संगठन महामंत्री विजय शर्मा तथा सांसद रमेश बिधूड़ी, प्रवेश वर्मा और मनोज तिवारी सहित स्थानीय नेता शामिल हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को उपचुनाव में जीत हासिल करने के लिए जरूरी बातें समझाईं। शनिवार को प्रदेश चुनाव समिति की बैठक होगी। समिति में प्रभात झा, सतीश उपाध्याय, विजय शर्मा सहित सातों सांसद, राज्यसभा सदस्य विजय कुमार गोयल, विजय कुमार मल्होत्र, मांगे राम गर्ग भी शामिल हैं। बैठक में तीनों सीटों के लिए संभावित उम्मीदवारों के नामों की सूची तैयार की जाएगी, जिस पर अंतिम फैसला केंद्रीय चुनाव समिति लेगी। उम्मीद है कि सोमवार को भाजपा तीनों सीटों पर उम्मीदवारो की घोषणा कर देगी।

महरौली से लड़ सकते हैं सतीश उपाध्याय

टिकट के लिए फिलहाल जिन लोगों के नाम की चर्चा है, उनमें प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश उपाध्याय भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि पार्टी उन्हें महरौली से चुनाव मैदान में उतारने की तैयारी कर रही है। वहीं, तुगलकाबाद से दक्षिणी दिल्ली के सांसद रमेश बिधूड़ी के भतीजे विक्रम बिधूड़ी तथा संघ के पुराने स्वयंसेवक रोहताश सिंह को दौड़ में शामिल बताया जा रहा है। इसके अलावा कृष्णा नगर से पूर्व महापौर व पार्टी के शाहदरा जिले के अध्यक्ष डॉ. कंवर सेन, प्रदेश उपाध्यक्ष कुलजीत चहल व नगर निगम पूर्वी के उपमहापौर जयगोपाल वर्मा दौड़ में हैं। पार्टी में चर्चा है कि कृष्णा नगर सीट पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन की पसंद को वरीयता दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि डॉ. हर्षवर्धन यहां से विधायक थे तथा उनके चांदनी चौक से सांसद चुने जाने के बाद यह सीट खाली हुई है।

चौथे दिन भी नहीं हुआ नामांकन

महरौली, तुगलकाबाद व कृष्णा नगर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए शुक्रवार को भी किसी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं कराया। उल्लेखनीय है कि उपचुनाव के लिए 28 अक्टूबर को अधिसूचना जारी हुई थी। नामांकन की अंतिम तिथि 5 नवंबर है और 25 नवंबर को मतदान होगा।

पढ़ेंः दिल्ली में अल्पमत सरकार का भी विकल्प

पढ़ेंः भाजपा को मिलेगा दिल्ली में सरकार बनाने का न्योता!

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।