यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 02, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
भाजपा-शिवसेना में महासुलह
गुरुवार-शुक्रवार तक शिवसेना महाराष्ट्र सरकार में शामिल हो जाएगी। प्रदेश की फडऩवीस सरकार में शिवसेना को एक दर्जन मंत्री पद मिलेगा, जिसमें पांच कैबिनेट स्तर के होंगे। तय फॉर्मूले के अनुसार उद्योग, पर्यावरण, स्वास्थ्य जैसे कुछ मंत्रालय शिवसेना को मिल सकते हैं। यह तय हो चुका है कि गृहमंत्रालय भाजपा

नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। गुरुवार-शुक्रवार तक शिवसेना महाराष्ट्र सरकार में शामिल हो जाएगी। प्रदेश की फडऩवीस सरकार में शिवसेना को एक दर्जन मंत्री पद मिलेगा, जिसमें पांच कैबिनेट स्तर के होंगे। तय फॉर्मूले के अनुसार उद्योग, पर्यावरण, स्वास्थ्य जैसे कुछ मंत्रालय शिवसेना को मिल सकते हैं। यह तय हो चुका है कि गृहमंत्रालय भाजपा अपने पास ही रखेगी।
प्रदेश में पिछले तीन दिनों से भाजपा और शिवसेना के बीच चल रही बातचीत के बाद फॉर्मूले पर अंतिम मुहर लग गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडऩवीस ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात कर उन्हें भी इस बारे में जानकारी दे दी है। सूत्रों के अनुसार गृहमंत्रालय देने से इंकार के बाद शिवसेना सिंचाई मंत्रालय के लिए जोर बना रही थी, लेकिन उसे स्पष्ट कर दिया गया कि जल संसाधन अलग करने के बाद ही वह मंत्रालय शिवसेना को दिया जा सकता है। बहरहाल यह तय हो गया है कि पांच कैबिनेट मंत्री शिवसेना के होंगे। सात राज्यमंत्री पद भी उन्हें दिए जाएंगे। यूं तो बुधवार को ही कैबिनेट का विस्तार किए जाने की योजना थी लेकिन प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एआर अंतुले के निधन के कारण यह टल गया। संभवत: गुरुवार या शुक्रवार को नए मंत्रियों का शपथग्रहण होगा।
सूत्र बताते हैं कि फिलहाल केवल प्रदेश स्तरीय कैबिनेट पर ही बात हुई, लेकिन संसद के शीतकालीन सत्र के बाद मोदी मंत्रिमंडल में भी शिवसेना के दो नए मंत्री शामिल करने का दबाव है। उनमें से एक कैबिनेट और एक राज्यमंत्री हो सकते हैं। हालांकि भाजपा आलाकमान फिलहाल एक अतिरिक्त मंत्री बनाए जाने के पक्ष में है।
महाराष्ट्र चुनाव से पहले अलग हुए दोस्त फिर से इकट्ठे होने का एक कारण केंद्रीय राजनीति भी है। दरअसल शिवसेना प्रदेश के साथ-साथ केंद्र की सरकार से बाहर रहने का खामियाजा भुगतना नहीं चाहती थी। यही कारण है कि मंत्रालयों के वितरण में भी वह भाजपा की शर्तों पर राजी हो गई। वहीं राज्यसभा में भाजपा को शिवसेना की समय-समय पर दरकार होगी।