यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 01, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जल्द ही महाराष्ट्र सरकार में शामिल हो सकती है शिवसेना !
महाराष्ट्र में शिवसेना को सरकार में शामिल करने की कवायद तेज हो गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस के बयान के बाद भाजपा अब इस बात पर मंथन करने में जुटी है कि आखिर शिवसेना को सरकार में कैसे शामिल किया जाए।

मुंबई। महाराष्ट्र में शिवसेना को सरकार में शामिल करने की कवायद तेज हो गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस के बयान के बाद भाजपा अब इस बात पर मंथन करने में जुटी है कि आखिर शिवसेना को सरकार में कैसे शामिल किया जाए। खबरों की मानें तो भाजपा, शिवसेना के कोटे से आठ लोगों को मंत्रिमंडल में शामिल करने के लिए भी राजी होती दिख रही है।
रविवार देर रात मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस के घर शिवसेना नेताओं की बैठक हुई। इस बैठक में शिवसेना नेता अनिल देसाई और सुभाष देसाई शामिल थे। सूत्रों के मुताबिक बैठक में इस बात पर चर्चा हुई कि शिवसेना को कैसे सरकार में शामिल किया जाए। सूत्रों का कहना है कि शिवसेना अब भी कुछ बातों को लेकर अड़ी हुई है, जबकि भाजपा ने साफ किया है कि शिवसेना की कोई भी शर्त नहीं मानी जाएगी। बताया जा रहा है कि भाजपा शिवसेना को आठ मंत्री पद दे सकती हैस जिसमें चार कैबिनेट और चार राज्यमंत्री होंगे। सूत्रों की मानें तो भाजपा ने उप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री का पद दिए जाने की मांग को भी ठुकरा दिया है। गौरतलब है कि शिवसेना ने गृह मंत्रालय समेत कुछ और अहम मंत्रालय दिए जाने की मांग की है।