यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 03, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बिहार में गरीब महिलाओं को मिलेगा टेबलेट
अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री शाहिद अली खां ने कहा कि राज्य सरकार गरीबी रेखा के नीचे रहने वाली तीन करोड़ महिलाओं ...और पढ़ें

पटना, जागरण ब्यूरो। अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री शाहिद अली खां ने कहा कि राज्य सरकार गरीबी रेखा के नीचे रहने वाली तीन करोड़ महिलाओं को चरणबद्ध तरीके से टेबलेट देगी। यह लाभ उन महिलाओं को मिलेगा जिनकी बच्चियां पढ़ती हैं। आंगनबाड़ी केंद्रों को सेंटर बनाकर ऐसी महिलाओं को कंप्यूटर-टेबलेट चलाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। संक्षिप्त परीक्षा भी होगी। इससे संबंधित करीब 7 हजार करोड़ की योजना को जल्द अंतिम रूप दिया जाएगा। राज्य योजना से इसे संचालित करने की तैयारी है।
पढ़ें: टेबलेट न देने पर शिक्षामंत्री का पुतला फूंका
नीतीश सरकार की रिपोर्ट कार्ड के समानांतर राजद द्वारा जारी रिपोर्ट कार्ड और अल्पसंख्यक मामलों पर सरकार की खिंचाई से अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री शाहिद अली खान और राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष नौशाद अहमद खासे खफा नजर आए। सोमवार को हज भवन में वे पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने राजद के रिपोर्ट कार्ड को ही फर्जी करार दिया। कहा कि अकलियत के प्रति किए गए काम की तुलना करना है तो राजद शासन के 15 साल और हमारे शासन के 8 साल में किए गए कामों की तुलना करें। देश के माथे पर कलंक भागलपुर दंगे के मुख्य आरोपी कामेश्वर यादव सहित 26 लोगों पर मुकदमे राजद सरकार ने वापस लिए थे। एमएसडीपी (मल्टी सेक्टोरल डेवलपमेंट प्लान) पर कांग्रेस लगातार खिंचाई कर रही है मगर नाराजगी राजद से?
यह अल्पसंख्यक वोटों की हिस्सेदारी का मामला तो नहीं? दोनों का कहना था कि अल्पसंख्यक वोट को लेकर कहीं कोई प्रतिस्पर्धा नहीं है। शाहिद अली ने कहा कि एमएसडीपी के तहत हमारी 523 करोड़ की योजना केंद्र ने स्वीकृत की है। इसके पूर्व 11 वीं योजना में केंद्र से प्राप्त 405 करोड़ में 295 करोड़ खर्च हो चुका है। शेष में प्रगति है। अकलियत से जुड़ी अन्य योजनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि हमारी सरकार अल्पसंख्यकों को आर्थिक और शैक्षणिक तौर पर मजबूत बनाने के अभियान में लगी है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर